पैसे के लिए तकिए से मुंह दबाकर विवाहिता महिला की हत्या

पैसे के लिए तकिए से मुंह दबाकर  विवाहिता महिला की हत्या

कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव की गुरुवार की सुबह घटना

परिजनों द्वारा ससुराल वालों पर हत्या करने का लगाया गया आरोप

केटी न्यूज/आरा

जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के बभनगांवा गांव में गुरुवार की सुबह तकिए से मुंह दबाकर विवाहिता की हत्या कर दी गई। ससुराल वालों पर पैसे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। मृतका बभनगांवा गांव निवासी रितेश लाल की 30 वर्षीया पत्नी सपना कुमारी उर्फ गोल्डी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया

बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा गांव निवासी अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी बहन सपना कुमारी उर्फ गोल्डी की शादी अप्रैल 2015 में  बभनगांवा गांव निवासी अनिल लाल उर्फ रंजीत लाल के पुत्र रितेश लाल के साथ हुई थी। शादी के सात माह बाद से उसके पति सहित अन्य ससुराल वालों द्वारा पैसे के लिए उसे बराबर प्रताड़ित किया जा रहा था।

उसके बाद उन लोगों द्वारा पैसे देकर जीजा रितेश लाल को कमाने के लिए बाहर भेजा था। उसके जीजा को चार बार बाहर भेजा गया, लेकिन वह हर बार पैसे खत्म होने पर गांव लौट आते थे। उसके बाद व्यापार करने के लिये कभी लाख, तो कभी पचास हजार रुपए की मांग कर रहे थे। तब उसकी मां द्वारा कई बार पैसे भी दिए गए थे। बावजूद उसके जीजा की आदत में सुधार नहीं हुआ।

वह उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उसको लेकर कई बार पंचायती की गई पर कोई सुधार नहीं हुआ। उसके बाद वे लोग अपनी बहन को वापस अपने घर ले आए और एक महीना तक अपने ही घर पर रखा। ससुराल से गांव के कई लोग आए और भविष्य में किसी तरह की गलती नहीं करने का भरोसा दिया गया। उसके बादउन्होंने वापस अपनी बहन को उसके ससुराल भेज दिया।

इसी बीच उसकी बहन की हत्या कर दी गई। अभय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार उसके भांजा भूटानी ने बताया कि उसके पिता ने मां की बहुत पिटाई की है। अभय कुमार श्रीवास्तव की ओर से अपने जीजा रितेश लाल, बहनोई की  बहन, सास और ससुर पर पैसे के लिए तकिया से मुंह दबाकर अपनी बहन की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।