आस्था और परंपरा का संगम, मां बसौनी की वार्षिक पूजा में उमड़ा जनसैलाब
प्रखंड के भदार गांव में सोमवार को ग्राम देवी मां बसौनी की वार्षिक पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित इस पूजा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

__ कन्या पूजन, हवन और खेलकूद प्रतियोगिता बने आकर्षण का केंद्र
केटी न्यूज/नावानगर
प्रखंड के भदार गांव में सोमवार को ग्राम देवी मां बसौनी की वार्षिक पूजा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित इस पूजा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचीं और परिवार की सुख-समृद्धि, गांव की खुशहाली तथा मंगल की कामना करते हुए मां बसौनी की विधिवत पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडितों ने वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा घर-घर से लाए गए पकवान, फल और मिठाइयों का भोग ग्राम देवी को अर्पित किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्वजों के समय से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा का निर्वहन आज भी पूरे गांव के सामूहिक सहयोग से किया जाता है। उनका विश्वास है कि मां बसौनी की कृपा से गांव में सुख-शांति, समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा होती है।पूजा के समापन पर विधिवत कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। वहीं पूजा समिति की ओर से युवाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों का ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उत्साहवर्धन किया।पूरे दिन मंदिर परिसर मां बसौनी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों, युवाओं और ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का यह आयोजन क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

