गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त: डुमरांव में होटलों पर छापा, घरेलू सिलेंडर दुरुपयोग पर जीरो टॉलरेंस

क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बीच प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गुरुवार को एसडीएम राकेश कुमार के नेतृत्व में डुमरांव के होटल और रेस्टोरेंट्स में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।

गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त: डुमरांव में होटलों पर छापा, घरेलू सिलेंडर दुरुपयोग पर जीरो टॉलरेंस

__ एसडीएम के नेतृत्व में औचक जांच, कमर्शियल सिलेंडर ही उपयोग करने का सख्त निर्देश; सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई तय

केटी न्यूज/डुमरांव

क्षेत्र में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बीच प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गुरुवार को एसडीएम राकेश कुमार के नेतृत्व में डुमरांव के होटल और रेस्टोरेंट्स में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाना था, जिसे प्रशासन ने पूरी तरह प्रतिबंधित कर रखा है। जांच टीम ने विभिन्न होटलों की रसोई में पहुंचकर गैस सिलेंडरों के प्रकार, उनके कनेक्शन और उपयोग की बारीकी से पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग का मामला सामने नहीं आया। अधिकांश जगहों पर कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग पाया गया, जो नियमों के अनुरूप है। हालांकि, गैस की कमी का असर साफ दिखा—कुछ रेस्टोरेंट्स में संचालक कोयला भट्ठी का सहारा लेते नजर आए।प्रशासन ने इसे मौजूदा हालात में अस्थायी विकल्प मानते हुए स्वीकार किया, लेकिन स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।एसडीएम राकेश कुमार ने कहा कि गैस आपूर्ति में बाधा को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया।

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिया कि वे केवल कमर्शियल सिलेंडर का ही उपयोग करें और अग्नि सुरक्षा के सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें।इस दौरान डीएसपी पोलस्त कुमार, बीडीओ संदीप कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि एलपीजी के दुरुपयोग पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।