सजदे में झुके सिर, अमन- चैन की मांगी दुआ, एक दूसरे को गले लगा कहा ईद मुबारक

सजदे में झुके सिर, अमन- चैन की मांगी दुआ, एक दूसरे को गले लगा कहा ईद मुबारक

- शांतिपूर्ण व उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ ईद का त्योहार, चप्पे-चप्पे पर मुश्तैद रहा पुलिस प्रशासन 

केटी न्यूज/बक्सर   

रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद सोमवार को जिले में ईद-उल-फित्र का त्योहार हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े। सफेद कपड़ों में सजे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सजदे में सिर झुका अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

ईदगाहों में खास नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद मुबारक कहा, इसके बाद, परंपरागत मीठी सेवइयों का दौर शुरू हुआ, जिनका स्वाद हर किसी ने दिल से लुत्फ उठाया। बच्चों में ईदी पाने की खुशी साफ झलक रही थी। बाजारों में रौनक देखते ही बन रही थी, जहां सेवइयों और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की खरीदारी जोरों पर थी।

बक्सर शहर के कचहरी मस्जिद, बड़ी मस्जिद, जुल्फजल मस्जिद, डुमराव की शाही मस्जिद, और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में सुबह-सुबह ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद इलाके भर में मुबारकबाद का सिलसिला जारी रहा। मस्जिदों से निकलते ही हर घर में ईद की रौनक छाई और मिठाईयों की महक हर ओर फैली रही।

ईद का यह पर्व सादगी और भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा। गंगा-जमुनी तहजीब और प्यार-मोहब्बत का ये माहौल ईद के असल संदेश को सही मायनों में दर्शाता है। शहर के प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए विशेष तैयारियां की थीं।

नमाज बाद चला मुबारकबाद व लजीज मीठी सेवइयों का दौर

ईद का पर्व सादगी भरा है। साफ सुथरे इस पर्व पर हर तरफ गंगा-जमुनी तहजीब दिखाई दी। जहा लोग लजीज मीठी सेवइयों की खुशबू व कपड़ों से इत्र की खुशबू वह छठा बिखेर रही थी। नमाज के बाद पूरे इलाके में मुबारकबाद देने का दौर शुरू हुआ, जो देर शाम चलता रहा। वही मेहमान नवाजी लजीज सेवइयों व अन्य व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।

ईद पर प्रशासनिक व्यवस्था भी काबिले तारीफ थी। सभी मस्जिदों व ईदगाह के बाहर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल मौजूद थे। नमाज के दौरान ईदगाह वाले रास्ते में टैूफिक व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया था, ताकी नमाजियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। ईद शांति पूर्ण संपन्न होने से नमाजियों ने राहत की सांस ली है।

जिला प्रशासन भी रहा सतर्क, जिलाधिकारी ने लिया कई मस्जिदों का जायजा

ईद पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने सेंट्रल जेल बक्सर से बड़ी मस्जिद सत्यदेवगंज तक शांति एवं विधि व्यवस्था निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने सभी नमाजियों को ईद पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं

पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्य स्थल पर प्रतिनियुक्त रहने का निर्देश दिया।अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर सदर को प्रशासनिक व्यवस्था, भीड़-प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन तथा विधि-व्यवस्था का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।