बक्सर का बेटा समुद्र में फंसा, परिवार की बढ़ी चिंता
बक्सर जिले के एक मर्चेंट नेवी कर्मी के समुद्र में फंसे होने की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल गहरा गया है। नगर थाना क्षेत्र के सोहनी पट्टी कुम्हार टोली निवासी शनि कुमार पिछले एक महीने से अधिक समय से ईरान के समुद्री क्षेत्र में अपने जहाज पर फंसे हुए हैं।
__ ईरान क्षेत्र में तनाव के बीच मर्चेंट नेवी कर्मी का जहाज एक महीने से अधिक समय से रुका, खाने-पीने की किल्लत की सूचना
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले के एक मर्चेंट नेवी कर्मी के समुद्र में फंसे होने की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल गहरा गया है। नगर थाना क्षेत्र के सोहनी पट्टी कुम्हार टोली निवासी शनि कुमार पिछले एक महीने से अधिक समय से ईरान के समुद्री क्षेत्र में अपने जहाज पर फंसे हुए हैं।बताया जा रहा है कि क्षेत्र में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण समुद्री गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं। इसी वजह से उनका जहाज न तो आगे बढ़ पा रहा है और न ही वापस लौटने का रास्ता मिल पा रहा है।परिजनों के अनुसार, शनि कुमार जून 2025 में दुबई के रास्ते अपनी ड्यूटी पर गए थे। वहां से उन्हें वाहनों को समुद्री मार्ग से ईरान पहुंचाने का कार्य सौंपा गया था। इसी दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और उनका जहाज बीच समुद्र में ही रुक गया।

परिवार की चिंता तब और बढ़ गई जब हाल ही में शनि कुमार से हुई बातचीत में उन्होंने जहाज पर खाने-पीने की कमी और बढ़ते तनाव की जानकारी दी। इसके बाद से घर में हर कोई उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर परेशान है।घर पर उनके पिता शिवजी प्रसाद, पत्नी विनीता देवी और दो वर्षीय पुत्र सात्विक हर पल किसी अच्छी खबर का इंतजार कर रहे हैं। मां के पहले ही निधन हो जाने के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी शनि कुमार पर ही है, जिससे स्थिति और भी भावनात्मक हो गई है।परिवार के सदस्य और पूर्व सैनिक चाचा शशि कुमार ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि कई भारतीय नाविक इस तरह की परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।स्थानीय लोगों ने भी सरकार से अपील की है कि फंसे हुए सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए त्वरित कदम उठाए जाएं, ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके।

