कड़ी पुलिसिंग का असर: ट्रक लूट का खुलासा, शराब-गांजा जब्ती और ट्रैफिक सुधार के लिए नया भोजपुर थानाध्यक्ष सम्मानित
अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और एनएच-922 पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान जिला मुख्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान दिया गया, जहां जिले के विभिन्न थानों के कार्यों की समीक्षा भी की गई।
__ क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिया प्रशस्ति पत्र, एनएच-922 पर डबल लाइन ट्रेलरों पर सख्ती से जाम की समस्या में आई कमी
केटी न्यूज/डुमरांव
अपराध नियंत्रण, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और एनएच-922 पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान जिला मुख्यालय में आयोजित क्राइम मीटिंग के दौरान दिया गया, जहां जिले के विभिन्न थानों के कार्यों की समीक्षा भी की गई।एसपी ने थानाध्यक्ष के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नया भोजपुर थाना पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है। अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।

विशेष रूप से एनएच-922 पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चलाए गए अभियान की काफी सराहना की गई। उत्तर प्रदेश से लेकर ब्रह्मपुर तक जाने वाले इस व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या अधिक रहने के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता था। ट्रकों और ट्रेलरों के एक ही लेन में डबल लाइन बनाकर चलने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी।इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नया भोजपुर थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रेलर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कई वाहनों से लाखों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

पुलिस की इस सख्ती का असर यह हुआ कि ट्रेलरों द्वारा डबल लाइन बनाकर चलने की प्रवृत्ति पर काफी हद तक रोक लगी और यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।इसके अलावा 19 फरवरी को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में हुई ट्रक लूट की घटना के खुलासे में भी नया भोजपुर थानाध्यक्ष की अहम भूमिका रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर महज 48 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर दिया। इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिससे पुलिस की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की भी सराहना हुई।मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भी नया भोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

जनवरी माह में पुलिस ने एक ट्रक से 7,866 लीटर शराब बरामद की थी। इसके अलावा ईंट की आड़ में ले जाए जा रहे एक ट्रैक्टर से 803 लीटर विदेशी शराब और 22 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। इन मामलों में कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।सम्मान मिलने पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने इसका श्रेय अपनी पूरी पुलिस टीम को दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के सामूहिक प्रयास, सतर्कता और टीमवर्क की बदौलत ही यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इसी तरह अभियान जारी रखा जाएगा।

