राहुल सिंह की धमाकेदार जीत के बाद डुमरांव में फूटा जश्न का ज्वार

जदयू प्रत्याशी एवं नवनिर्वाचित विधायक राहुल कुमार सिंह की ऐतिहासिक जीत के बाद शुक्रवार की रात डुमरांव पूरी तरह उत्सव में डूब गया। एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जिस अंदाज में खुशी का इजहार किया, उसने पूरे क्षेत्र को रंगों और रोशनी से भर दिया। देर रात तक डुमरांव की सड़कों पर अबीर-गुलाल उड़ता रहा, आतिशबाजी होती रही और ‘राहुल सिंह जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। पूरे शहर में ऐसा माहौल बना मानो एक साथ होली और दीवाली मनाई जा रही हो।

राहुल सिंह की धमाकेदार जीत के बाद डुमरांव में फूटा जश्न का ज्वार

केटी न्यूज/डुमरांव

जदयू प्रत्याशी एवं नवनिर्वाचित विधायक राहुल कुमार सिंह की ऐतिहासिक जीत के बाद शुक्रवार की रात डुमरांव पूरी तरह उत्सव में डूब गया। एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जिस अंदाज में खुशी का इजहार किया, उसने पूरे क्षेत्र को रंगों और रोशनी से भर दिया। देर रात तक डुमरांव की सड़कों पर अबीर-गुलाल उड़ता रहा, आतिशबाजी होती रही और ‘राहुल सिंह जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। पूरे शहर में ऐसा माहौल बना मानो एक साथ होली और दीवाली मनाई जा रही हो।

-- चिलहरी से ही शुरू हो गया जश्न, नारे और फूल-मालाओं की बरसात

शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद जैसे ही राहुल सिंह को डुमरांव सीट से भारी जीत का प्रमाण पत्र मिला, समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बक्सर से वापस लौटते समय जैसे ही उनका काफिला चिलहरी पहुंचा, ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न की शुरूआत हो गई। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी उत्साह में सराबोर नजर आए। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और लगातार नारे लगाते हुए विजय जुलूस को आगे बढ़ाया।

चिलहरी से उठी यह उत्सव की लहर पुराना भोजपुर होते हुए पूरे रास्ते में रुक-रुककर जश्न का रूप लेती गई। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित विधायक का स्वागत किया। कई स्थानों पर महिलाएं भी अबीर के साथ खड़ी दिखीं। इस बीच, आतिशबाजी और ढोल की आवाजें उत्साह को और परवान चढ़ा रही थीं।

-- डुमरांव में ऐतिहासिक स्वागत, हजारों लोग जुटे सड़कों पर

जैसे ही विजयी काफिला डुमरांव पहुंचा, वहां का माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील हो गया। भाजपा और जदयू के हजारों कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ विधायक का स्वागत किया।भाजपा के जिला प्रवक्ता शक्ति राय, युवा मोर्चा के दीपक यादव, ब्रह्मा ठाकुर, भाजपा नेता राजीव कुमार भगत, वंदना भगत, ओमज्योति भगत, शीला त्रिवेदी, विजय कुशवाहा, जदयू नेत्री प्रीति पटेल, नगर अध्यक्ष गोपाल प्रसाद गुप्ता, रोहित सिंह, मुखिया सिंह कुशवाहा, संटू मित्रा, अभिषेक समेत हजारों समर्थक इस विजयी जुलूस में शामिल रहे।

इन सभी ने अबीर-गुलाल उड़ाया, पटाखे छोड़े और एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर विजय का जश्न मनाया। कई स्थानों पर मंच बनाकर नेताओं ने नवनिर्वाचित विधायक को सम्मानित किया। पूरा डुमरांव क्षेत्र नारों और रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा।

-- मंदिरों में जाकर मांगा आशीर्वाद, शहर में हुआ भव्य स्वागत

डुमरांव पहुंचने के बाद राहुल कुमार सिंह सबसे पहले नगर देवी मां डुमेजनी के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और मत्था टेका। मंदिरों में बड़ी संख्या में समर्थक पहले से ही मौजूद थे, जिन्होंने उनका हर्षाेल्लास के साथ स्वागत किया।इसके बाद नया थाना के पास जिला प्रवक्ता शक्ति राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयकारों के बीच विधायक का काफिला देर रात तक शहर में घूमता रहा।

-- विजय के उत्साह में डूबा पूरा डुमरांव

रात बीतती गई, पर जश्न थमा नहीं। लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। समर्थक कह रहे थे कि यह जीत केवल उम्मीदवार की नहीं बल्कि डुमरांव की जनता की जीत है। हर गली, चौक और सड़क पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। बिक्री बंद होने के बावजूद लोग मिठाई की दुकानों से मिठाइयां खरीदकर जश्न मनाते रहे।राहुल सिंह की विजय यात्रा जिस उत्साह, ऊर्जा और जनसमर्थन के साथ डुमरांव की धरती पर पहुंची, उसने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बना दिया। डुमरांव की जनता ने सचमुच देर रात तक ‘होली-दीवाली’ एक साथ मनाकर इस जीत को यादगार बना दिया।