तीन अक्टूबर को बक्सर में होगा मुख्य सचिव का आगमन, तेज हुई प्रशासनिक तैयारी

राज्य के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा का जिला में आगमन तीन अक्टूबर को होगा। तिथि निर्धारित होने के पहले से ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव ब्रह्मपुर में प्रखंड कार्यालय तथा तथा डुमरांव में अंचल कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। मुख्य सचिव तीन अक्टूबर को सबसे पहले 10 बजे ब्रह्मपुर मंदिर पर पूजा अर्चना करेंगे

तीन अक्टूबर को बक्सर में होगा मुख्य सचिव का आगमन, तेज हुई प्रशासनिक तैयारी

ब्रह्मपुर में प्रखंड तो डुमरांव में करेंगे अंचल कार्यालय का निरीक्षण 

मुख्य सचिव के आगमन की तैयारी पूरा करने में लगे बड़े पदाधिकारी 

केटी न्यूज/बक्सर 

राज्य के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा का जिला में आगमन तीन अक्टूबर को होगा। तिथि निर्धारित होने के पहले से ही प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव ब्रह्मपुर में प्रखंड कार्यालय तथा तथा डुमरांव में अंचल कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। मुख्य सचिव तीन अक्टूबर को सबसे पहले 10 बजे ब्रह्मपुर मंदिर पर पूजा अर्चना करेंगे। पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर विकास के लिए चलाए जा रहे निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण करेंगे। 10.30 बजे प्रखंड कार्यालय ब्रह्मपुर का निरीक्षण करेंगे। 11 बजे वे अंचल कार्यालय डुमरांव के लिए निकलेंगे। 12 बजे मुख्य सचिव कोरान सराय पंचायत जाएंगे।

वहां वे पंचायत सरकार भवन तथा ग्रामीण हाट बाजार की व्यवस्था देखेंगे। उनका कोरान सराय थाना तथा मध्य या उच्च विद्यालय जाने का भी कार्यक्रम निर्धारित है। एक बजे वे कोरान सराय से बक्सर सर्किट हाउस के लिए निकल जाएंगे। भोजन आदि से निपटने के बाद अपराहन दो बजे मुख्य सचिव चौसा पॉवर प्लांट देखने जाएंगे। 2.30 बजे चौसा पावर प्लांट में पौधारोपण तथा निरीक्षण के बाद शाम 4 बजे वे समाहरणालय के सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारी के साथ बैठक कर एक वर्ष की योजनाओं का समीक्षा करेंगे। पांच बजे वे बक्सर से पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। मुख्य सचिव के आगमन को लेकर पूरे जिले में प्रशासनिक स्तर पर तैयारी तेज कर दी गई है। इस क्रम में शनिवार को उप विकास आयुक्त डॉ महेंद्र पाल ने एसडीएम राकेश कुमार के साथ डुमरांव प्रखंड कार्यालय में तैयारी का जायजा लिया।

उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पांडे तथा अंचल पदाधिकारी शमन प्रकाश के साथ बैठक प्रधान सचिव के आगमन के आलोक में तैयारी का जायजा लिया। खासकर भूमि विवाद, अभियान बसेरा, अतिक्रमण वाद में निष्पादन एवं परिमार्जन के स्थिति की जानकारी ली। हालांकि उप विकास आयुक्त तथा एसडीएम अंचल कार्यालय की तैयारी से संतुष्ट नजर आए। पदाधिकारियों ने कोरान सराय का भी दौरा किया। कोरान सराय में पंचायत सरकार भवन से पंचायत के लोगों को वह सुविधा नहीं मिल रही है जो पंचायत सरकार भवन से हासिल होना है। बताया जाता है कि पंचायत सरकार भवन के बदहाल व्यवस्था पर उप विकास आयुक्त ने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे तत्काल दूर करने को कहा है।

पंचायत सरकार भवन में जहां-तहां पड़े बेकार की वस्तुओं को हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीण हाट बाजार तथा थाना भवन जाकर मुख्य सचिव के आगमन के आलोक में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मुख्य सचिव के आगमन पर हर तरह की कमियों को छुपाने का प्रयास प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है। माना जा रहा है कि मुख्य सचिव का यह आगमन आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हो रहा है।