नौकरी दो, या गद्दी छोड़ों के नारों के साथ बक्सर में कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन, दी गिरफ्तारी
बिहार में बेरोजगारी व पलायन के साथ ही बढ़ते अपराध, लूट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस ने गुरूवार को अपने राज्य व्यापी अभियान के तहत बक्सर में जोरदार प्रदर्शन, घेराव व अंत में गिरफ्तारी दी। यह आयोजन बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर राज्यभर में किया गया है। इसी क्रम में बक्सर जिला में भी युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय का घेराव किया।

- राज्यव्यापी अभियान के तहत आयोजित किया गया था कार्यक्रम, बिहार में बढ़ते अपराध व महिला हिंसा पर कांग्रेस ने जताई चिंता
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार में बेरोजगारी व पलायन के साथ ही बढ़ते अपराध, लूट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस ने गुरूवार को अपने राज्य व्यापी अभियान के तहत बक्सर में जोरदार प्रदर्शन, घेराव व अंत में गिरफ्तारी दी। यह आयोजन बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर राज्यभर में किया गया है। इसी क्रम में बक्सर जिला में भी युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय का घेराव किया।
इस आक्रोश मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज उपाध्याय ने किया। किला मैदान से जुलूस की शक्ल में निकले कांग्रेसी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अंबेडकर चौक पर जिला प्रशासन एवं पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और सरकार पर कानून व्यवस्था विफल होने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्थिति अनियंत्रित होते देख मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात अंचल अधिकारी प्रशांत शांडिल्य के निर्देश पर नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार द्वारा कुछ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद सभी को छोड़ दिया गया।
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. सत्येन्द्र ओझा ने कहा कि यह प्रदर्शन राज्यव्यापी अभियान के तहत किया गया था। उन्होंने कहा कि हमारी स्पष्ट मांगे है कि या तो राज्य सरकार युवाओं को नौकरी दे या फिर गद्दी छोड़े। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस बिहार में व्यवस्था परिवर्तन होने तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
आक्रोश मार्च में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय, जिला युवा कांग्रेस प्रभारी राम सिंह चौधरी, आशुतोष त्रिपाठी, युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण उपाध्याय, आलोक पासवान समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। युवा कांग्रेस ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि अपराध नियंत्रण में विफलता जारी रही, तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा