पंचायत स्तरीय शिविर में उमड़ी भीड़, कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन

जिला प्रशासन बक्सर के निर्देश पर बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र की कोरान सराय, मठीला एवं मुगांव पंचायतों में पंचायत स्तरीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करना था।

पंचायत स्तरीय शिविर में उमड़ी भीड़, कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन

केटी न्यूज/डुमरांव

जिला प्रशासन बक्सर के निर्देश पर बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रखंड क्षेत्र की कोरान सराय, मठीला एवं मुगांव पंचायतों में पंचायत स्तरीय जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करना था।शिविर में जन्म प्रमाण पत्र, आरटीपीएस से संबंधित आवेदन, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि कार्य हेतु विद्युत कनेक्शन सहित अन्य योजनाओं से जुड़े दर्जनों आवेदन प्राप्त हुए।

प्राप्त आवेदनों में कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभुकों को राहत प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्रेशन) का कार्य भी संपन्न कराया गया।प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कोरान सराय पंचायत में कुल 24 आवेदन मिले, जिनमें से 5 आवेदनों का तत्काल निष्पादन किया गया। वहीं मुगांव पंचायत में 46 तथा मठीला पंचायत में 19 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित विभागों के कर्मियों ने आवेदनों की जांच कर आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ की।

शिविर के दौरान कई प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शिविर का पर्यवेक्षण करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया।