बच्चे को बचाने में अनियंत्रित हुई डीसीएम, चौकियां के पास पलटी कोल्ड्रिंक से भरी गाड़ी
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-बक्सर एनएच 922 पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोल्ड्रिंक से लदी एक डीसीएम वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना चौकियां गांव के समीप हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक समेत किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-बक्सर एनएच 922 पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोल्ड्रिंक से लदी एक डीसीएम वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना चौकियां गांव के समीप हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक समेत किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नवानगर स्थित एक पेय पदार्थ कंपनी से कोल्ड्रिंक लोड कर डीसीएम वाहन चंपारण की ओर जा रही थी। वाहन पटना-बक्सर एनएच 922 से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान चौकियां गांव के पास सड़क पार कर रहे एक महिला और बच्चे को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। तेज रफ्तार और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण डीसीएम सड़क किनारे जाकर पलट गई।

वाहन पलटते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में वाहन पर लदे कोल्ड्रिंक के कई कार्टन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सामान का नुकसान हुआ है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। पुलिस ने बताया कि वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों का दबाव बना रहता है, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

