बक्सर सदर विधायक से मिले आईईएसएम के पदाधिकारी, पूर्व सैनिकों के लिए 50 डिसमिल जमीन की मांग

शनिवार को बिहार राज्य इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) के जिला पदाधिकारियों ने बक्सर सदर विधायक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा से मुलाकात कर जिले के लगभग दस हजार पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के लिए आधारभूत सुविधाओं की मांग उठाई। बैठक का नेतृत्व आईईएसएम के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया।

बक्सर सदर विधायक से मिले आईईएसएम के पदाधिकारी, पूर्व सैनिकों के लिए 50 डिसमिल जमीन की मांग

-- सीएसडी कैंटीन, सोल्जर बोर्ड, ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक व सैनिक विश्राम गृह स्थापना को लेकर सौंपा मांग पत्र, विधायक ने सदन में उठाने का दिया आश्वासन

केटी न्यूज/बक्सर

शनिवार को बिहार राज्य इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट (आईईएसएम) के जिला पदाधिकारियों ने बक्सर सदर विधायक एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा से मुलाकात कर जिले के लगभग दस हजार पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के लिए आधारभूत सुविधाओं की मांग उठाई। बैठक का नेतृत्व आईईएसएम के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया।प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के समक्ष सीएसडी कैंटीन, सोल्जर बोर्ड, ईसीएचएस पॉलिक्लिनिक तथा सैनिक विश्राम गृह के निर्माण हेतु बक्सर शहर क्षेत्र के भीतर 50 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी।

बताया गया कि यह मांग पिछले करीब 20 वर्षों से लंबित है, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है। विधायक ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने पूर्व सैनिकों की मांगों को जायज बताते हुए इस सदन में उठाने की बात भी पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल से कही।जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने कहा कि पूर्व में सभी सांसदों एवं विधायकों को मंच पर आमंत्रित कर इस मुद्दे को उठाया गया था, किंतु केवल आश्वासन ही प्राप्त हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।जिला उप कोषाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि बक्सर में कुछ भूखंडों की पहचान की गई है, जिनकी वर्तमान स्थिति की पुष्टि अंचल अधिकारी (सीओ) से कराई जानी है।

उन्होंने बताया कि पहला प्रस्तावित स्थल बक्सर बस स्टैंड के पास ओवरहेड पुल के दाहिनी ओर स्थित भूमि है, जहां मृत नहर भी है। इस भूमि के लिए पूर्व में सभी दस्तावेज तैयार किए गए थे, किंतु अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिल पाने के कारण मामला अटका रहा।दूसरा प्रस्तावित स्थल आईटीआई मैदान के पूरब दिशा में पानी टंकी के समीप है। बताया गया कि उक्त भूमि पहले सीवरेज परियोजना के लिए चिह्नित की गई थी, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। आईईएसएम पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि बक्सर शहर की परिधि के भीतर ही होनी चाहिए, ताकि पूर्व सैनिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि पूर्व सैनिकों की सेवा और सम्मान सर्वाेपरि है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। यहां तक कि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था कर भूमि खरीदने की पहल भी की जाएगी। विधायक के इस आश्वासन पर उपस्थित पदाधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।मौके पर कैप्टन आरसी पाल, सूबेदार मेजर राजेंद्र चौबे, सूबेदार सुदामा प्रसाद, सूबेदार नंद जी ओझा, सूबेदार जैनेन्द्र सिंह, हवलदार हरिहर सिंह, नायब सूबेदार रामनाथ सिंह, नायब सूबेदार धनंजय दुबे, हवलदार बिनोद कुमार मिश्रा तथा वारंट ऑफिसर विनोद मिश्रा सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे।