जमीन की पैमाइश के दौरान बढ़ा विवाद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो न्यायिक हिरासत में

जमीन की पैमाइश के दौरान बढ़ा विवाद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो न्यायिक हिरासत में

केटी न्यूज/डुमरांव। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के हथेलीपुर मठिया के समीप भूमि की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच वर्षों से चला आ रहा विवाद एक बार फिर उभर आया। पैमाइश के दौरान शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के समाधान के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत जमीन की पैमाइश कराई जा रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। मामले में एक पक्ष के रामू भारती द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए दूसरे पक्ष के भुटकुन गोसाई, पिता स्वर्गीय परीका गोसाई तथा संतोष गोसाई, पिता स्वर्गीय देवनारायण गोसाई को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।