ग्रामीणों के दरवाजे पहुंचा जिला प्रशासन, डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन अब गांवों की चौखट तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को इटाढ़ी प्रखंड की बिझौरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य संयुक्त रूप से पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


__ बिझौरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में राजस्व, पेंशन, राशन, बिजली व पेयजल से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई, लाभुकों के बीच बांटे गए वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र
केटी न्यूज/बक्सर।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन अब गांवों की चौखट तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को इटाढ़ी प्रखंड की बिझौरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य संयुक्त रूप से पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें मुख्य रूप से दाखिल-खारिज, भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व संबंधी मामले शामिल रहे। इसके अलावा लोक शिकायत निवारण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली तथा पंचायती राज से जुड़ी समस्याएं भी ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का विभागीय नियमों के तहत त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।सहयोग शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने बिझौरा पंचायत के विभिन्न लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र का वितरण भी किया। इससे लाभुकों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। डीएम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।इस दौरान जिलाधिकारी ने शिविर परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य लाभुक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्यालयों में बैठकर शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद भी स्थापित हो रहा है।

