लापरवाही पर डीएम सख्त, अफसरों से जवाब-तलब; मनरेगा डीपीओ पर ‘प्रपत्र क’ का निर्देश
जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी साहिला ने सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक में योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, श्रावणी मेला, विद्यार्थी सहयोग शिविर, राजस्व कार्य, गंगा के बढ़ते जलस्तर और नगर निकायों की स्वच्छता समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

__ अंतिम सोमवारी पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का आदेश, गंगा घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग और झूलते तार तत्काल दुरुस्त कराने को कहा
केटी न्यूज/बक्सर।
जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी साहिला ने सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित बैठक में योजनाओं की प्रगति, विधि-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, श्रावणी मेला, विद्यार्थी सहयोग शिविर, राजस्व कार्य, गंगा के बढ़ते जलस्तर और नगर निकायों की स्वच्छता समेत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए गए कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला खनन पदाधिकारी से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित करने का निर्देश दिया गया।

जिन स्थानों पर अभी तक हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी नहीं हुई है, वहां संबंधित प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों से भी स्पष्टीकरण मांगने को कहा गया।जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता को सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का त्वरित संज्ञान लेकर समस्याओं की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
__अंतिम सोमवारी पर विशेष सतर्कता
श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी 24 अगस्त को देखते हुए विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। बक्सर, डुमरांव और ब्रह्मपुर के प्रमुख घाटों एवं मंदिरों पर तैनात दंडाधिकारियों को एक दिन पहले ब्रीफिंग कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारियों को दिया गया।गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रमुख स्नान घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने और नदी किनारे के क्षेत्रों व बांधों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।

__झूलते तारों पर बिजली विभाग को चेतावनी
प्रमुख मंदिरों और घाटों के आसपास विद्युत प्रवाहित लटके अथवा झूलते तारों और विद्युत खंभों की जांच कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बक्सर को दिया गया। खामी मिलने पर तत्काल दुरुस्तीकरण कर अनुपालन प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया।
__विद्यार्थी शिविर बने समस्या समाधान का मंच
विद्यार्थी सहयोग शिविर को प्रभावी और छात्रहित में उपयोगी बनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित समाधान कराया जाए।

__स्वच्छता, राजस्व और फॉर्मर रजिस्ट्री पर निगरानी
नगर निकायों में सफाई और कूड़ा उठाव की निगरानी के लिए प्रतिनियुक्त अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह आवंटित वार्डों का निरीक्षण कर फोटोग्राफ एवं प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अंचल अधिकारियों को ई-मापी के लंबित मामलों का एक सप्ताह में निष्पादन तथा फॉर्मर रजिस्ट्री का शेष लक्ष्य जल्द पूरा करने को कहा गया।सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी मामलों में समय पर त्रुटिरहित तथ्य विवरणी तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं कृषि, कल्याण, शिक्षा, आपूर्ति और जीविका विभाग को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां तैयार कर जिला जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

