बक्सर में विकास योजनाओं पर डीएम का सख्त एक्शन

आगामी महोत्सव और शहर की आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया गया, वहीं कई स्थलों पर सुस्ती और अव्यवस्था देख अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

बक्सर में विकास योजनाओं पर डीएम का सख्त एक्शन

-- महोत्सव से पहले तैयारी तेज, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

केटी न्यूज/बक्सर

आगामी महोत्सव और शहर की आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला ने बुधवार को बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया गया, वहीं कई स्थलों पर सुस्ती और अव्यवस्था देख अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।सबसे पहले डीएम दलसागर खेल मैदान के पास पहुंच पथ का जायजा लेने पहुंचीं। यहां सड़क किनारे खड़े विद्युत पोलों को तत्काल हटाने का निर्देश विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को दिया गया, ताकि आवागमन में बाधा न हो।

साथ ही पहुंच पथ की मरम्मत में तेजी लाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभियंता को स्पष्ट समयसीमा के साथ कार्य पूर्ण करने को कहा गया।इसके बाद डीएम ने चुरामनपुर बहुउद्देशीय परिसर का निरीक्षण किया। यहां स्थित पंचायत सरकार भवन एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन में सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने स्पष्ट कहा कि भवन निर्माण का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब आमजन को नियमित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलें।

आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन अटल कला भवन के फाउंडेशन कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की गति बढ़ाने पर जोर दिया। भवन निर्माण निगम के सहायक अभियंता को निर्देश दिया गया कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए।निरीक्षण के दौरान आईटीआई मैदान की चहारदीवारी पर फीका रंग-रोगन, अधूरा दीवार लेखन और आसपास फैले अतिक्रमण पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर परिसर की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाए।

आगामी महोत्सव को लेकर किला मैदान में विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए चिन्हित स्थल को व्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र के रूप में शीघ्र विकसित करने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि महोत्सव के दौरान यातायात प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास योजनाओं में ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।