डुमरांव ने खोया अपना सहज और जनप्रिय चेहरा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश प्रसाद तुरहा का निधन

डुमरांव नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं जनप्रिय समाजसेवी कमलेश प्रसाद तुरहा का रविवार को 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

डुमरांव ने खोया अपना सहज और जनप्रिय चेहरा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश प्रसाद तुरहा का निधन

__ 65 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, दो बार रहे नगर परिषद के अध्यक्ष, सादगी, जनसेवा और मिलनसार व्यक्तित्व को शहर ने नम आंखों से किया याद

डुमरांव/केटी न्यूज

डुमरांव नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं जनप्रिय समाजसेवी कमलेश प्रसाद तुरहा का रविवार को 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक जगत से जुड़े लोगों ने इसे डुमरांव के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।कमलेश प्रसाद तुरहा का राजनीतिक जीवन जनसेवा और सादगी का पर्याय माना जाता था। वे दो बार डुमरांव नगर परिषद के अध्यक्ष निर्वाचित हुए और अपने कार्यकाल में आम लोगों से सहज संवाद तथा सरल व्यवहार के कारण विशेष पहचान बनाई। अध्यक्ष बनने के बाद भी उन्होंने कभी अपने व्यवहार में बदलाव नहीं आने दिया।

वे नियमित रूप से लोगों से मिलते-जुलते थे और राजगोला स्थित अपनी दुकान पर बैठकर स्वयं व्यवसाय का संचालन भी करते थे। यही सादगी उन्हें आम लोगों के बीच खास बनाती थी।नगर परिषद के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। राजनीति को उन्होंने हमेशा सेवा का माध्यम माना। सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के साथ वे अपने पारिवारिक व्यवसाय को भी पूरी जिम्मेदारी से संभालते रहे। उनके व्यक्तित्व में विनम्रता, सरलता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया।

नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मोहन मिश्रा, भागमनी देवी, सुनीता गुप्ता, पूर्व उपमुख्य पार्षद ब्रह्मा ठाकुर, वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष बिकास ठाकुर, पूर्व पार्षद सोनू राय, दीपक तिवारी, धीरज कुमार, पार्षद अनु देवी, अमर पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय सहित सैकड़ों लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके सरल स्वभाव, सामाजिक सरोकारों और जनहित के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि कमलेश प्रसाद तुरहा का जाना डुमरांव की सार्वजनिक जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी। उनके निधन से शहर ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया है, जिसने पद से अधिक लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई।