डुमरांव विधायक पहुंचे नुआंव, दिवंगत पत्रकार संतोष सिंह के परिजनों से मिल व्यक्त किया शोक
स्थानीय दैनिक अखबार के युवा व जुझारू पत्रकार संतोष कुमार सिंह के आकस्मिक निधन ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है। उनके अचानक चले जाने की खबर से पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है। इसी बीच रविवार को डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह नुआंव गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर दुख साझा किया।
केटी न्यूज/डुमरांव।

विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि संतोष सिंह एक सरल, सहज और कर्मठ पत्रकार थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मैं और मेरा पूरा परिवार संतोष जी के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है। किसी भी तरह की मदद की जरूरत होगी तो हम तत्पर रहेंगे।बताया जाता है कि बीते शनिवार की देर रात संतोष सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल, बक्सर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनका निधन इतना अचानक हुआ कि किसी को इस खबर पर विश्वास ही नहीं हुआ।

सुबह होते-होते क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और नुआंव स्थित उनके आवास पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। साथी पत्रकार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा गांव के लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचते रहे। कई स्थानों पर स्वतःस्फूर्त रूप से शोक सभा आयोजित की गई, जहां उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।संतोष सिंह अपने मृदुभाषी स्वभाव, जमीन से जुड़े विचार और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते थे। उनका असमय निधन न सिर्फ परिवार के लिए, बल्कि पूरे मंडल की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है।