गैंगरेप की फर्जी खबर पर पूरी रात हलकान हुई डुमरांव पुलिस
मंगलवार की देर शाम एक महिला से गैंगरेप की फर्जी घटना ने डुमरांव पुलिस को खासे परेशान किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्द रात में पुलिस प्रशासन ने पूरी तत्परता दिखाई। खुद थानाध्यक्ष मामले की पड़ताल में जुट गए तथा पूरी रात परेशान रहे, लेकिन मामला खोदा पहाड़, निकली चुहिया वाला साबित हुआ।
केटी न्यूज/डुमरांव
मंगलवार की देर शाम एक महिला से गैंगरेप की फर्जी घटना ने डुमरांव पुलिस को खासे परेशान किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्द रात में पुलिस प्रशासन ने पूरी तत्परता दिखाई। खुद थानाध्यक्ष मामले की पड़ताल में जुट गए तथा पूरी रात परेशान रहे, लेकिन मामला खोदा पहाड़, निकली चुहिया वाला साबित हुआ।बता दें कि मंगलवार की देर शाम एक महिला ने तीन लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगा स्थानीय थाने में शिकायत की। इस दौरान महिला के अलावे उसके स्वजन भी पुलिस पर आरोपितों को पकड़ने का दबाव बना रहे थे।

लेकिन, पीड़िता महिला के बयान पर पुलिस को शुरू से शक हो रहा था। पुलिस ने जब महिला को लेकर घटना स्थल का मुआयना किया तो महिला तथा उसके स्वजनों द्वारा पूर्व में बताई बातों में काफी अंतर मिला। वहीं, महिला भी अपना बयान लगातार बदल रही थी। हालांकि, आरोप बेहद गंभीर था तथा उसके स्वजन लगातार पुलिस पर दबाव बना रहे थे, जिसके बाद थानाध्यक्ष महिला पुलिस पदाधिकारियों के साथ उसे लेकर बक्सर महिला थाना पहुंचे। जहां, महिला पुलिस ने जब गहराई से पूछताछ शुरू की तो मामला कुछ और निकला। जिसके बाद महिला अपने आरोप से पीछे हटने लगी।

जाहिर है, महिला द्वारा लगाया गया आरोप फर्जी निकला, लेकिन महिला की स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष ने उसे चेतावनी भर दे छोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के बताए जगह पर रात दो बजे तक छानबीन की गई थी, लेकिन कुछ भी तथ्य नहीं मिला। बाद में सच्चाई सामने आने के बाद महिला को दुबारा ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी गई। हालांकि, इस घटना ने डुमरांव पुलिस को खासे परेशान किया तथा ठंडी रात में डुमरांव से बक्सर तक खाक छानने को मजबूर कर दिया था।
