ई-शिक्षाकोष से खुली पोल, 400 शिक्षकों पर गिरी गाज

प्रखंड में वार्षिक परीक्षा व उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ई-शिक्षाकोष पोर्टल की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद ने करीब 400 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित शिक्षकों को पत्र निर्गत होने की तिथि से 24 घंटे के भीतर भौतिक रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। जांच में पाया गया कि 16 से 25 मार्च के बीच परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कई शिक्षक केंद्रों पर उपस्थित नहीं थे, फिर भी उन्होंने अपनी हाजिरी दर्ज कर ली।

ई-शिक्षाकोष से खुली पोल, 400 शिक्षकों पर गिरी गाज

केटी न्यूज/नावानगर

प्रखंड में वार्षिक परीक्षा व उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ई-शिक्षाकोष पोर्टल की जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद ने करीब 400 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी संबंधित शिक्षकों को पत्र निर्गत होने की तिथि से 24 घंटे के भीतर भौतिक रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। जांच में पाया गया कि 16 से 25 मार्च के बीच परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कई शिक्षक केंद्रों पर उपस्थित नहीं थे, फिर भी उन्होंने अपनी हाजिरी दर्ज कर ली। कुछ मामलों में शिक्षकों ने घर से ही उपस्थिति बना ली, जबकि कई ने ‘ऑफिस वर्क’ दर्शाकर फर्जी उपस्थिति दर्ज की।

बीईओ ने स्पष्ट किया कि प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में ‘ऑफिस वर्क’ का प्रावधान नहीं है, यह केवल उच्च विद्यालयों में लागू होता है। बीईओ ने इस कृत्य को अनुशासनहीनता, वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना और कार्य के प्रति लापरवाही बताया है। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ निलंबन, बर्खास्तगी तथा वेतन स्थायी रूप से रोकने जैसी कठोर कार्रवाई की जा सकती है। बीईओ ने यह भी कहा कि अब ई-शिक्षाकोष के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।