वायरल वीडियो पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रभारी प्रधानाध्यापक निलंबित
सोशल मीडिया पर विद्यालय परिसर से जुड़ा गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ब्रह्मपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्णा पाल को जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

केटी न्यूज/बक्सर।
सोशल मीडिया पर विद्यालय परिसर से जुड़ा गाली-गलौज और मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ब्रह्मपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कृष्णा पाल को जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय कार्रवाई से शिक्षा महकमे में हड़कंप मचा है।मामला एक जुलाई को सामने आया था, जब प्रभारी प्रधानाध्यापक से संबंधित गाली-गलौज एवं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच की जिम्मेदारी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, ब्रह्मपुर को दी गई थी।

दोनों अधिकारियों की जांच के बाद विभाग को प्रतिवेदन सौंपा गया। इसके बाद संबंधित पक्ष से प्राप्त स्पष्टीकरण और जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों की समीक्षा की गई। विभाग ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए कृष्णा पाल के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई का निर्णय लिया।जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत उन्हें निलंबित करने की बात कही गई है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-यापन भत्ता मिलेगा।

आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय निर्धारित किया जाएगा। साथ ही नियमित उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सक्षम पदाधिकारी को नामित किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

