नेवता से लौटे परिजन तो घर से गायब मिली बेटी, पुलिस ने शुरू की तलाश
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के अचानक लापता हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने थाने में आवेदन देकर एक मोबाइल नंबर धारक युवक पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के अचानक लापता हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। काफी खोजबीन के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने थाने में आवेदन देकर एक मोबाइल नंबर धारक युवक पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया जाता है कि किशोरी के माता-पिता 13 मई को एक रिश्तेदारी में आयोजित नेवता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर पर परिवार की बड़ी बहू मौजूद थी।

इसी दौरान शाम के समय किशोरी अचानक घर से कहीं चली गई। देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर स्वजन परेशान हो उठे और आसपास के गांवों सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।परिजनों के अनुसार कुछ दिन पूर्व किशोरी के पास एक मोबाइल फोन मिला था। पूछताछ के दौरान एक विशेष नंबर से लगातार बातचीत की जानकारी सामने आई थी। इसी आधार पर पिता ने आशंका जताई है कि उनकी पुत्री उक्त मोबाइल नंबर धारक युवक के साथ गई हो सकती है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर संबंधित युवक की पहचान और लोकेशन खंगालने में जुटी हुई है। साथ ही किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है तथा जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।

