झोपड़ी में लगी आग, दो किशोर झुलसे, लाखों की संपत्ति खाक
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खातिबा गांव में गुरुवार तड़के एक झोपड़ी में लगी आग से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। आग की चपेट में आकर मवेशियों सहित लाखों की संपत्ति भी जलकर राख हो गई।

- इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खतिबा गांव की है घटना, दमकल वाहन ने आग पर पाया काबू
केटी न्यूज/बक्सर
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खातिबा गांव में गुरुवार तड़के एक झोपड़ी में लगी आग से दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। आग की चपेट में आकर मवेशियों सहित लाखों की संपत्ति भी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, खातिबा गांव निवासी बच्चामुनि यादव के झोपड़ीनुमा घर में अचानक आग लग गई। झोपड़ी में उनके दो बेटे अंकित कुमार (15) और श्रीराज कुमार (16) सो रहे थे। आग की लपटें तेज होने पर आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे गंभीर रूप से झुलस चुके थे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बर्न वार्ड में भर्ती कर लिया।
इस हादसे में किसान बच्चामुनि यादव को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। झोपड़ी में बंधी उनकी गाय झुलसकर मर गई, जबकि बाइक और साइकिल जलकर नष्ट हो गई। पशु चारा और अनाज भी पूरी तरह जल गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू पासवान ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित परिवार से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।