इजरायल में नौकरी का सुनहरा अवसर, बक्सर के युवाओं से मांगे गए आवेदन
बक्सर जिले के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, पटना द्वारा इजरायल में देखभाल सहायक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत राज्य समुद्र पार नियोजन ब्यूरो, पटना द्वारा इजरायल में देखभाल सहायक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इजरायल में मरीजों और बुजुर्गों की देखभाल से जुड़े कार्य करने होंगे। इस रोजगार के लिए अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 24 मई निर्धारित की गई है तथा इच्छुक उम्मीदवार जिला नियोजनालय बक्सर में आवेदन जमा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा। भारतीय मुद्रा में करीब दो लाख रुपये प्रतिमाह तक भुगतान मिलने की संभावना है। इसके अलावा संबंधित कंपनी द्वारा वीजा, कार्य अनुमति पत्र, रहने की व्यवस्था, भोजन, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।नियोजन पदाधिकारी के अनुसार अभ्यर्थियों के लिए व्यवहारिक अंग्रेजी का ज्ञान आवश्यक रखा गया है, ताकि वे वहां के कार्य वातावरण में आसानी से काम कर सकें। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का कम से कम मैट्रिक उत्तीर्ण होना जरूरी है। साथ ही देखभाल सहायक प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र होना चाहिए, जिसमें कम से कम 990 घंटे का प्रशिक्षण किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से लिया गया हो।

नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स सहायक, जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग तथा पोस्ट बीएससी नर्सिंग से जुड़े अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त पासपोर्ट की वैधता कम से कम तीन वर्ष होना अनिवार्य है। आवेदकों की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।जिला नियोजनालय ने युवाओं से समय पर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह अवसर रोजगार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त करने का भी माध्यम बन सकता है।

