राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, डीएम-एसपी ने की उद्घाटन

खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) वुशू प्रतियोगिता बालक/बालिका (अंडर-19) का शुभारंभ गुरूवार को नगर भवन परिसर में धूमधाम से किया गया। जिलाधिकारी बक्सर डॉ. विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य एवं उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। उद्घाटन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, अधिकारी तथा अभिभावक उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, डीएम-एसपी ने की उद्घाटन

-- 20 से 22 नवम्बर तक नगर भवन में चलेगा तीन दिवसीय खेल महोत्सव, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

केटी न्यूज/बक्सर

खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना तथा जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) वुशू प्रतियोगिता बालक/बालिका (अंडर-19) का शुभारंभ गुरूवार को नगर भवन परिसर में धूमधाम से किया गया। जिलाधिकारी बक्सर डॉ. विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य एवं उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। उद्घाटन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच, अधिकारी तथा अभिभावक उपस्थित रहे।

तीन दिनों तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार वुशू खेल को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस राज्य स्तरीय मुकाबले का आयोजन किया गया है।

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी डॉ. विद्यानंद सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि मन को भी अनुशासित करते हैं। उन्होंने कहा कि वुशू ऐसा खेल है जिसमें तेज़ी, लचीलापन, फुर्ती और सहनशक्ति का अद्भुत संयोग देखने को मिलता है। इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीएम ने सभी खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल जीवन को संवारने का एक सुनहरा माध्यम है। खिलाड़ी जब मैदान में उतरता है तो उसमें हार-जीत से अधिक आत्मविश्वास बढ़ाने का जज्बा महत्वपूर्ण होता है। उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने कहा कि बक्सर में खेलों को नई ऊर्जा देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और वुशू प्रतियोगिता उसी दिशा में एक सशक्त पहल है।

समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनीत कुमार द्वारा शॉल, मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। वहीं वरीय उप समाहर्ता तथा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा आलोक कुमार वत्स ने उप विकास आयुक्त को शॉल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।इसके अतिरिक्त रवि बहादुर सिंह, वरीय उप समाहर्ता द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर तथा विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर को शॉल, मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

उद्घाटन समारोह का संचालन शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार ने कुशलतापूर्वक किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपस्थिति, प्रतियोगिता के महत्व और खेल भावना को बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा विभाग और स्कूलों के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें मुख्य रूप से कन्हैया लाल, मदन कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, लाला शाहब, सत्येंद्र सिंह यादव, त्रिलोकी नाथ तिवारी, संजय कुमार सिंह, मोहन सिंह, मो. मुस्लिम, धर्मेंद्र कुमार, राकेश रंजन उपाध्याय, गुरुश कुमार उपाध्याय, सावित्री सिंह, शम्मा परवीन, उषा मिश्रा, अंजू कुमारी, उर्मिला तथा लवली दर्शनम का विशेष सहयोग रहा।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में अंडर-19 बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपने कौशल का दमखम दिखाएँगे। तकनीकी समिति ने बताया कि तीन दिनों में कुश्ती, ताओ लू तथा संडा में कई रोमांचक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से जिले के खिलाड़ियों को नई दिशा मिलेगी और बक्सर खेल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान स्थापित करेगा।नगर भवन में खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण थी कि बक्सर खेल प्रेम की दृष्टि से लगातार आगे बढ़ रहा है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 22 नवम्बर को समापन समारोह और पुरस्कार वितरण के साथ समाप्त होगी।