चचेरी बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मौत

चचेरी बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से मौत

बारात में जयमाल के समय हुआ हादसा, अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

केटी न्यूज/आरा

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में रविवार की रात हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। चचेरी बहन की शादी के दौरान हो रहे जयमाल में यह हादसा हुआ। लेकिन, इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृत युवक सैदपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह का बेटा रोहित सिंह था। जो स्नातक का छात्र था। घटना के बाद अफरातफरी और भगदड़ मच गई। बाराती और साराती वहां सेे भाग खड़े हुए। जिसके बाद शादी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है। 

बताया जा रहा है कि निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी की बारात उदवंतनगर गांव से आयी थी। देरशाम जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच किसी व्यक्ति द्वारा हर्ष फायरिंग कर दी गई। उसमें रोहित को गोली लग गयी और वह खून से लथपथ होकर जख्मी हालत में जमीन पर गिर पड़ा। उसके बाद परिजन द्वारा उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। हालांकि बारात में हर्ष फायरिंग किसने की यह अभी पता नहीं चल पाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। इधर, एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्राथमिक सूचना के अनुसार जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग के क्रम में रोहित कुमार सिंह को गोली लगी थी। अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। घटना से संबंधित वीडियो फुटेज और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। हर्ष फायरिंग करने वालों की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। हालांकि अभी तक वादी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से उचित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। वहीं घटना के बाद युवक के घर में कोहराम मच गया है।