हिन्दी हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की सशक्त कड़ी है - अपर समाहर्ता
हिन्दी दिवस के अवसर पर रविवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, विचार और राष्ट्रीय एकता की सशक्त कड़ी है।

-- हिन्दी दिवस पर बक्सर में सजी विचारों की महफिल, प्रबुद्धजनों ने रखे विचार
केटी न्यूज/बक्सर
हिन्दी दिवस के अवसर पर रविवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, विचार और राष्ट्रीय एकता की सशक्त कड़ी है।
अपर समाहर्ता ने कहा कि बिहार में हिन्दी राजभाषा के रूप में सरकारी कामकाज की आधारभूत भाषा है। इसलिए आवश्यक है कि हम सभी प्रशासनिक कार्यों और दैनिक जीवन में गर्वपूर्वक हिन्दी का प्रयोग करें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे हिन्दी को सम्मान दें, आत्मविश्वास के साथ अपनाएं और नई पीढ़ी तक इसकी शक्ति पहुंचाएं। यही हिन्दी दिवस मनाने का सही उद्देश्य है।
उन्होंने जानकारी दी कि 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने हिन्दी को संघ की राजभाषा के रूप में अंगीकृत किया था। तभी से हर वर्ष 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है। हिन्दी हमारी राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है और बहुभाषी भारत को एक सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम भी। बिहार हिन्दी भाषी राज्य है और 1950 से ही यहां राजभाषा अधिनियम लागू है। राज्य सरकार का दृढ़ निश्चय है कि शासन के सभी स्तरों पर हिन्दी का पूर्ण रूप से प्रयोग किया जाए।
-- प्रबुद्ध जनों ने भी रखे विचार
कार्यक्रम में मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों ने भी हिन्दी की महत्ता पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक धुन लाल प्रेमातुर, पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, सामाजिक कार्यकर्ता वर्षा पांडेय, एमपी स्कूल के पूर्व प्रधानाध्यापक विजय शंकर मिश्रा, शिक्षक विमल कुमार सिंह, अनुराग मिश्रा,
शिक्षिका शमा परवीन, पत्रकार शुभ नारायण पाठक, वूशु खिलाड़ी निधि कुमारी, डॉ. निवास चतुर्वेदी, डॉ. रासबिहारी शर्मा, शिक्षिका सावित्री सिंह, अनीता सिंह, डॉ. विमलेश कुमार सिंह, धनंजय कुमार और हेमंत चौबे समेत अन्य ने हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता पर अपने-अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन सामान्य शाखा प्रभारी एवं वरीय उप समाहर्ता आदित्य कुमार ने व पंचायती राज पदाधिकारी विद्यानाथ पासवान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता सहित सामान्य शाखा के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण हिन्दी की महिमा और उसके गौरवगान से सराबोर रहा।