दिशा की बैठक में केसठ मुखिया ने उठाईं ज्वलंत जन-समस्याएं

प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत जन-समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासी एवं मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान ने दिशा बैठक के अध्यक्ष को आवेदन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। आवेदन में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।

दिशा की बैठक में केसठ मुखिया ने उठाईं ज्वलंत जन-समस्याएं

__ बिजली, पानी, शिक्षा, बैंकिंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर सौंपा आवेदन

केटी न्यूज/केसठ।

प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत जन-समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासी एवं मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान ने दिशा बैठक के अध्यक्ष को आवेदन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। आवेदन में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।आवेदन में बताया गया है कि केसठ स्थित पावर ग्रिड सब-स्टेशन की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण हल्की हवा या सामान्य मौसम परिवर्तन में भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। साथ ही, क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर ‘गढ़’ पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाकर उसके संरक्षण की मांग भी की गई है।

पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। जगह-जगह पाइपलाइन फटने से लोगों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया है।मुखिया ने भूमिहीन गरीब परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने, केसठ में एक वाणिज्यिक बैंक की शाखा खोलने तथा छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना की भी मांग की है।उन्होंने सांसद से अनुरोध किया है कि इन समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।