डुमरांव में सघन वाहन जांच अभियान, पुलिस और सीएपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

लोकतांत्रिक महापर्व की तैयारी के बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद डुमरांव में पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को डुमरांव थाना पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीएपीएफ) के जवानों ने स्टेशन रोड स्थित शनिचरा ब्रह्म बाबा के समीप संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।

डुमरांव में सघन वाहन जांच अभियान, पुलिस और सीएपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप

-- चुनावी माहौल में सतर्क हुई पुलिस, संदिग्ध धन और आचार संहिता उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई कृ थानाध्यक्ष

केटी न्यूज/डुमरांव

लोकतांत्रिक महापर्व की तैयारी के बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद डुमरांव में पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। रविवार को डुमरांव थाना पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीएपीएफ) के जवानों ने स्टेशन रोड स्थित शनिचरा ब्रह्म बाबा के समीप संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया।

अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और एसआई प्रियंका कुमारी ने किया। पुलिस और सीएपीएफ की संयुक्त टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की। जिन वाहनों के पास आवश्यक कागजात नहीं थे या चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं कर रहे थे, उन पर चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर लोगों को यातायात नियमों और आचार संहिता के प्रावधानों की जानकारी देते हुए जागरूक भी किया।

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, संदिग्ध धन या राजनीतिक उद्देश्य से धन के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव अवधि में यदि कोई व्यक्ति 50 हजार रुपये से अधिक नकद राशि लेकर चलता है, तो उस पर जांच की जा सकती है। जांच के दौरान हालांकि किसी वाहन से बड़ी नकद राशि बरामद नहीं हुई, लेकिन पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए प्रत्येक वाहन की तलाशी ली।

थानाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के सघन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि पुलिस का मकसद केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि नागरिकों को कानून का सम्मान करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में स्वच्छ भागीदारी सुनिश्चित कराने का भी है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। थानाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी को किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाओं पर गोपनीय तरीके से त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

डुमरांव पुलिस की यह पहल स्थानीय नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। कई लोगों ने इसे चुनावी पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की सराहनीय पहल बताया। अभियान के दौरान पुलिस और सीएपीएफ की संयुक्त मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और अधिक सुदृढ़ महसूस किया गया।