जनता के बीच पहुंची जन सुराज पार्टी, पंचायतों में व्यवस्था बदलाव को लेकर चला रही अभियान
बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से जन सुराज पार्टी द्वारा पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में डुमरांव प्रखंड के चौंगाई पंचायत में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री डॉ. शोभा सिंह ने की।

डुमरांव/केटी न्यूज
बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से जन सुराज पार्टी द्वारा पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में डुमरांव प्रखंड के चौंगाई पंचायत में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री डॉ. शोभा सिंह ने की।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि बिहार की जनता अब जाति-धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर बदलाव की दिशा में सोचने लगी है। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और पारदर्शी शासन व्यवस्था के मुद्दों को लेकर आगामी चुनाव में मैदान में उतरेगी। “यह चुनाव जात-पात के नाम पर नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं के भविष्य और बेहतर प्रशासन के लिए लड़ा जाएगा,” उन्होंने जोर देकर कहा।
जनसभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गांवों में सरकारी सुविधाओं की हालत बद से बदतर हो गई है। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की जगह केवल मध्याह्न भोजन तक सीमित रह गया है। स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों और दवाओं का घोर अभाव है। वहीं बेरोजगारी से परेशान नौजवान पलायन को मजबूर हैं।
पार्टी की चुनाव अभियान समिति के सदस्य सउद आलम ने कहा कि जन सुराज का मकसद बिहार को उस दिशा में ले जाना है, जहां हर नागरिक को सम्मान और अवसर मिले। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक होकर राजनीति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
अन्य वक्ताओं में अनिल यादव, कर्नल (सेवानिवृत्त) राजेश सिंह, जिलाध्यक्ष दिवाकर पाठक, डॉ. धर्मेंद्र पांडेय और अंशु श्रीवास्तव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत कराया जा रहा है और जनता से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान तैयार किया जा रहा है।
मौके पर उपस्थित अन्य गणमान्य लोगों में कृष्णा श्रीवास्तव, अरविंद पांडेय, रवि सिन्हा, विजय बहादुर, पीके सिंह, शंभूनाथ यादव, सरोज चौबे, विशेश्वर दुबे और अरुण मिश्रा शामिल थे।जन सुराज पार्टी का यह जनसंपर्क अभियान अब डुमरांव विधानसभा क्षेत्र के अन्य पंचायतों में भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें और व्यवस्था बदलाव की इस मुहिम को गति मिल सके।