जमीन की रंजिश ने लिया हिंसक रूप, चार युवकों पर लाठी-डंडों से हमला

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुर्कपुरवा गांव में वर्षों पुराने भूमि विवाद ने शनिवार को एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत नाजुक होने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

जमीन की रंजिश ने लिया हिंसक रूप, चार युवकों पर लाठी-डंडों से हमला

__ तुर्कपुरवा में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, तीन घायलों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर; पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

केटी न्यूज/बक्सर

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुर्कपुरवा गांव में वर्षों पुराने भूमि विवाद ने शनिवार को एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत नाजुक होने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।जानकारी के अनुसार सारिमपुर गांव निवासी अनाम खान, सोहेल खान, सुनील यादव और तबरेज खान तुर्कपुरवा गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। बताया जाता है कि लौटने के दौरान गांव के बाहर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों का आरोप है कि एक जुलाई की रात भी उनके रिश्तेदार के घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई थी। इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन समय पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दोबारा हमला कर दिया। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने भूमि विवाद से जुड़ा सामने आया है।मुफस्सिल थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।