शिवपुरी में युवक की रहस्यमयी स्थिति में मौत से सनसनी, युवती समेत दो महिलाएं हिरासत में

नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शिवपुरी में युवक की रहस्यमयी स्थिति में मौत से सनसनी, युवती समेत दो महिलाएं हिरासत में

_ कॉलेज के काम से बक्सर आया था युवक, देर रात मिलने गया था परिचित के घर; _ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ेगी जांच

केटी न्यूज/बक्सर

नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडे के पुत्र ओम पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ओम शुक्रवार को कॉलेज संबंधी कार्य से बक्सर आए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर शाम वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शिवपुरी पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि दोस्त घर से कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले एक परिचित युवती से मिलने उसके घर के भीतर चले गए। कुछ समय बाद उनका शव घर से थोड़ी दूरी पर संदिग्ध हालत में मिला, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी गौरव पांडे, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास से साक्ष्य जुटाए तथा स्थानीय लोगों और मृतक के साथ आए युवकों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि युवक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके।जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित घर से एक युवती और दूसरी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

दोनों से युवक के वहां आने, मुलाकात और उसके बाद हुई घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना को लेकर पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस तथ्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।