कुलर की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 40 लाख की विदेशी शराब जब्त
जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। कुलर की आड़ में विदेशी शराब और बीयर की खेप ले जा रहे एक छह चक्का डीसीएम ट्रक को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रक से कुल 4941 लीटर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

__ गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। कुलर की आड़ में विदेशी शराब और बीयर की खेप ले जा रहे एक छह चक्का डीसीएम ट्रक को जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ट्रक से कुल 4941 लीटर विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई है, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पाद अधीक्षक को शुक्रवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि वीर कुंवर सिंह सेतु होकर शराब की बड़ी खेप बिहार में प्रवेश करने वाली है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए उत्पाद अधीक्षक ने सेतु पर वाहन जांच कर रही टीम को तुरंत सतर्क कर दिया। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने पुल पर विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया।रात करीब 10:30 बजे एक संदिग्ध छह चक्का ट्रक पुल की ओर से आता दिखाई दिया। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर एचपी 6एस 9737 बताया गया है। टीम ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने बताया कि ट्रक में कुलर लदा हुआ है और वह सामान लेकर जा रहा है। हालांकि पूछताछ के दौरान चालक की घबराहट और जवाबों में असंगति देख टीम को शक हुआ।उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने जब ट्रक की गहन तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर सभी चौंक गए। ट्रक में ऊपर से कुलर लोड कर रखा गया था, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।

कुलर का इस्तेमाल शराब तस्करी को छिपाने के लिए किया गया था ताकि सामान्य जांच में वाहन पकड़ा न जाए।तलाशी के बाद मौके पर मौजूद चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव निवासी मुकेश कुमार, पिता भैरव यादव तथा सुबोध कुमार, पिता सुधीर ठाकुर के रूप में हुई है।उत्पाद विभाग ने जब्त शराब की गिनती और माप के बाद बताया कि ट्रक से कुल 4941 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई है। बरामद शराब विभिन्न ब्रांडों की बताई जा रही है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त डीसीएम ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार शुरुआती पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर उत्पाद विभाग और बक्सर पुलिस संभावित सप्लायर, रिसीवर और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जिले की सीमाओं, पुलों और प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

