प्यार, इजहार, शादी और अब इंकार ..., मुरार पुलिस बनी तारणहार

समाज व परिवार से नजरे बजाकर एक दूसरे से नजरे मिलाने वाले प्रेमी जोड़े न सिर्फ सात फेरो में बंधना चाहते है बल्कि सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें भी खाते है। अक्सर इसमें उनका परिवार दीवार बन जाता है। जिस कारण कई बार उनका ख्वाब पूरा नहीं हो पाता हैै, लेकिन एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें प्रेमिका के साथ पकड़ाए जाने के बाद लड़की वालों ने स्थानीय लोगों के प्रयास से उनके प्रेम को रिश्तो की डोर में बांध लगे हाथ शादी करा लड़के के साथ लड़की को विदा भी कर दिया।

प्यार, इजहार, शादी और अब इंकार ..., मुरार पुलिस बनी तारणहार

- प्रेमिका के साथ पकड़ाए प्रेमी की स्थानीय लोगों ने करवाई जबरन शादी,

-दरवाजे पर प्रेमिका को छोड़ भाग खड़ा हुआ प्रेमी, पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों की पहल पर घर में मिला प्रवेश

- मुरार थाना क्षेत्र के लड़के को दावथ थाना क्षेत्र की लड़की से गुप्ताधाम जाने के दौरान हुआ था प्यार

केटी न्यूज/डुमरांव

समाज व परिवार से नजरे बजाकर एक दूसरे से नजरे मिलाने वाले प्रेमी जोड़े न सिर्फ सात फेरो में बंधना चाहते है बल्कि सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें भी खाते है। अक्सर इसमें उनका परिवार दीवार बन जाता है। जिस कारण कई बार उनका ख्वाब पूरा नहीं हो पाता हैै, लेकिन एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें प्रेमिका के साथ पकड़ाए जाने के बाद लड़की वालों ने स्थानीय लोगों के प्रयास से उनके प्रेम को रिश्तो की डोर में बांध लगे हाथ शादी करा लड़के के साथ लड़की को विदा भी कर दिया। लेकिन लड़का उसे अपने घर के दरवाजे पर छोड़ फरार हो गया। इधर घर वाले भी उसे दुत्कारने लगे। जिसके बाद थक हारकर लड़की ने पुलिस का सहारा लिया।

पुलिस ने पूरा मामला सुनने के बाद उसे उसके ससुराल में प्रवेश दिला परिजनों को परेशान नहीं करने की हिदायत दी। इस दौरान इस मामले को ले रात 11 बजे तक मुरार थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा भी चला, लेकिन अंत में प्यार की जीत हुई। घटना मुरार थाना क्षेत्र के वैदा गांव की है, वही लड़की रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के फतेहगंज गांव की रहने वाली है। प्यार के इजहार और शादी के बाद इंकार के बीच पुलिस के तारणहार बनने की चर्चा शनिवार को भी पूरे दिन क्षेत्र में होते रही। लोग लड़की के हिम्मत व पुलिस के प्रयास की सराहना कर रहे थे। 

 

गुप्ताधाम जाने के दौरान हुई थी आंखे चार

मिली जानकारी के अनुसार मुरार थाना क्षेत्र के वैदा गांव निवासी राहुल यादव के पुत्र कल्लू यादव छह सात महीना पहले गुप्ताधाम गया था। रास्ते में उसकी मुलाकात रोहतास जिला के दावथ थाना क्षेत्र के फतेहगंज गांव निवासी जयनाथ सिंह की पुत्री निराशा से हुई। पहली नजर में ही दोनों एक दूसरे से प्यार कर बैठे। एक दूसरे का मोबाईल नंबर लेने के बाद दोनों के बीच बातों का जो सिलसिला शुरू हुआ उससे दोनों एक दूसरे के नजदीक आ गए। लंबे समय से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। 

कुंभ जाने का बहाना कर लड़की से मिलने पहुंचा था कल्लू

गुरूवार को कल्लू अपने घर कुंभ स्नान करने की बात कह निकला तथा प्रयागराज जाने के बजाए फतेहगंज पहुंच गया था। वह, प्रेमिका से बातचीत कर रहा था, इसी दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। पहले तो प्रेमिका के घर वाले उसे फटकार लगा रहे थे तथा मारपीट कर रहे थे, लेकिन उसकी प्रेमिका उसके साथ खड़ी हो गई।

अंततः दोनों के प्यार को सच्चा मान स्थानीय लोगों ने तुरंत लड़की के घरवालों को बुला समझा बुझाकर दोनों की पहले मंदिर में फिर बिक्रमगंज कोर्ट में शादी करा दी। शादी के बाद शुक्रवार को ही दोनों को वहां से एक साथ विदा किया गया, लेकिन लड़का उसे अपने दरवाजे पर छोड़ फरार हो गया। हालांकि, लड़की जिद के आगे उसके घरवालों को आखिरकार झुकना ही पड़ा।

कहते है थानाध्यक्ष

प्रेमिका को उसके प्रेमी के घर सही सलामत पहुंचा दिया गया हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर न्यायोचित कारवाई की जाएगी। फिलहाल समझाने बुझाने के बाद ससुराल वालों ने उसे स्वीकार लिया है। - अमन कुमार, थानाध्यक्ष, मुरार