सात माह पूर्व हुई थी शादी: दहेज के दानवों ने पांच लाख के लिए ले ली गला दबाकर जान

सात माह पूर्व हुई थी शादी: दहेज के दानवों ने पांच लाख के लिए ले ली गला दबाकर जान

केटी न्यूज/आरा। 

उदवंतनगर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव में नये साल के पहले दिन ही दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी। पांच लाख रुपए की मांग को लेकर सोमवार की रात गला दबा कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। मृतका डिहरी गांव निवासी आलोक यादव उर्फ विश्वकर्मा सिंह की 19 वर्षीया पत्नी कमल कुमारी थी।

छपरा जिले के रिवीलगंज थाना क्षेत्र के लोहा टोला गांव निवासी सुदामा राय की बेटी कमल कुमारी की शादी सात माह पहले ही हुई थी। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के संबंध में विवाहिता के भतीजे कवि रंजन कुमार ने बताया कि उसकी बुआ की शादी 15 मई 2023 को उदवंतनगर के डिहरी गांव निवासी सुरेश राय के पुत्र आलोक यादव उर्फ विश्वकर्मा सिंह से हुई थी।

शादी के 15 दिन बाद से ही उनके ससुराल वालों की ओर से दहेज में पांच लाख की मांग की जाने लगी थी। उसे लेकर उनके पति सहित अन्य ससुराल वालों द्वारा उनके साथ अक्सर मारपीट की जा रही थी। वह कुछ दिन पूर्व अपने मायके आ गयी थी। उसके बाद 30 दिसंबर को वह उनको लेकर उनके ससुराल उन्हें छोड़ने गया था। 31 दिसंबर को घर लौट आया था‌।

इसी बीच एक जनवरी की देर शाम उनके ससुराल वालों द्वारा फोन कर उनकी तबीयत काफी खराब होने की सूचना दी गयी है। उस पर परिजन उनके ससुराल डिहरी गांव पहुंचे, तो देखा कि वह मृत अवस्था में अपने कमरे में पड़ी है और उनके ससुराल के सभी लोग घर से फरार है। उसके बाद स्थानीय थाना सूचना दी गयी।

भतीजे कवि रंजन कुमार ने की ओर से बुआ के पति आलोक यादव उर्फ विश्वकर्मा सिंह सहित उसके ससुराल के अन्य सदस्य पर दहेज में पांच लाख रुपए नगद नहीं देने के कारण उनकी गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ में जुटी है। बताया जा रहा है कि विवाहित पांच भाई और चार बहनों में आठवीं स्थान पर थी। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। मां शारदा देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।