कृतपुरा से दो बच्चों की मां लापता, बैंक खाते की रकम पर टिकी जांच, अपहरण की आशंका
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव में एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दो छोटे बच्चों की मां रीना गुप्ता के अचानक गायब होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। महिला के पति अभि कुमार गुप्ता ने पड़ोसी और उसके परिजनों पर अपहरण का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
केटी न्यूज/चौसा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव में एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दो छोटे बच्चों की मां रीना गुप्ता के अचानक गायब होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। महिला के पति अभि कुमार गुप्ता ने पड़ोसी और उसके परिजनों पर अपहरण का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित पति के अनुसार वह निजी कार्यों के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते हैं। छह फरवरी की सुबह करीब सात बजे वह बच्चों को स्कूल छोड़ने बक्सर गए थे। स्कूल से लौटने के बाद जब वह घर पहुंचे, तो उनकी पत्नी रीना गुप्ता घर पर मौजूद नहीं थीं।

पहले तो उन्होंने आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली, तब उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई।अभि कुमार गुप्ता ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले लोकेश कुमार दुबे और उसके परिवार की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने स्पष्ट रूप से अपहरण की आशंका जताते हुए कहा है कि उनकी पत्नी के साथ कोई गंभीर घटना भी घट सकती है। इस घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोग मामले को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं।

मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि रीना गुप्ता के नाम से भारतीय स्टेट बैंक में एक खाता है, जिसमें करीब दो लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है। पति ने इस वित्तीय एंगल को भी जांच से जोड़ते हुए पुलिस से बैंक लेन-देन की पड़ताल करने की मांग की है। फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की तलाश के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही इस रहस्यमय मामले से पर्दा उठाने का दावा भी किया जा रहा है।

