नया भोजपुर थाने में दंडाधिकारी की मौजूदगी में 7,863 लीटर शराब का विनष्टीकरण

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गई अवैध शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। कांड संख्या 07/26 के तहत जब्त कुल 7,863 लीटर विदेशी शराब को सुरक्षित स्थान पर लाकर नियमों के अनुसार नष्ट किया गया। यह पूरी कार्रवाई नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें चौगाईं अंचलाधिकारी गौतम कुमार दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कराई गई।

नया भोजपुर थाने में दंडाधिकारी की मौजूदगी में 7,863 लीटर शराब का विनष्टीकरण

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में पकड़ी गई अवैध शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। कांड संख्या 07/26 के तहत जब्त कुल 7,863 लीटर विदेशी शराब को सुरक्षित स्थान पर लाकर नियमों के अनुसार नष्ट किया गया। यह पूरी कार्रवाई नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें चौगाईं अंचलाधिकारी गौतम कुमार दंडाधिकारी के रूप में मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कराई गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह शराब बरामदगी हाल के महीनों में जिले की सबसे बड़ी सफलताओं में गिनी जा रही है। इससे पहले एसडीपीओ पोलत्स कुमार के निर्देशन में नया भोजपुर थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर नावाडेरा गेट के समीप एक संदिग्ध ट्रक को रोका था।

ट्रक संख्या एमपी 09 डीएस 7744 की जांच के दौरान पुलिस को ऊपर से भूसी की बोरियां लदी मिलीं, जिससे पहली नजर में किसी तरह का शक नहीं होता।हालांकि, पुलिस टीम ने जब गहन तलाशी ली तो भूसी के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने का खुलासा हुआ। इसी तहखाने में शराब की सैकड़ों पेटियां बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई थीं। जांच के बाद ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया।पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह अवैध शराब की खेप चंडीगढ़ से भेजी गई थी, जिसे बिहार में विशेष रूप से पटना में खपाने की योजना थी। मौके से ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान लील सिंह, पिता पदम सिंह, निवासी आकुरा गांव, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर (राजस्थान) तथा खलासी की पहचान जुंजार सिंह, पिता कुंप सिंह, निवासी चौहटन थाना क्षेत्र, बाड़मेर के रूप में हुई।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि शराब का विनष्टीकरण बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत निर्धारित सभी नियमों का पालन करते हुए किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से शराब तस्करों को साफ संदेश गया है कि कानून से बचने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होने वाली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।