नगर परिषद चुनाव: डुमरांव में पहली बार 70769 वोटर चुनेगें चेयरमैन और उप चेयरमैन

नगर परिषद चुनाव: डुमरांव में पहली बार 70769 वोटर चुनेगें चेयरमैन और उप चेयरमैन

- 35 वार्डों वाले शहर में बनेंगे 85 मतदान केंद्र, शांतिपूर्ण चुनाव कराने की तैयारी में जुटा प्रशासन

केटी न्यूज/डुमरांव 

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा डुमरांव नगर परिषद चुनाव की घोषणा के बाद शहर में सरगर्मी बढ़ गयी है। एक तरफ संभावित प्रत्याशी जहा वोटरों को गोलबंद करने के लिए भीषण गर्मी व लू की परवाह छोड़ एड़ी चोटी का जोर लगा रहे है, तो दूसरी तरफ अनुमंडल प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष संपन्न कराने की कवायद में जुट गया है। इस बार डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र को कुल 35 वार्डों में बांटा गया है। जिसमें कुल 70 हजार 769 मतदाता शामिल है, जो पहली बार चेयरमैन और उप चेयरमैन का चुनाव करेंगे। चुनाव को संपन्न कराने के लिए 85 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे। विस्तारित डुमरांव नगर परिषद के सभी 35 वार्डों के मतदाता सूची का प्रकाशन अनुमंडल प्रशासन द्वारा पहले ही कर दिया गया है। वही चुनाव की तिथियां घोषित होने के बाद प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है। मतदाता सूची के प्रकाशित प्रारूप के अनुसार कुल 35 वार्डों को अपने दामन में समेटे तथा वर्ष 2011 के जनगणना के आधार पर 90452 जनसंख्या वाले डुमरांव नगर पर्षद में वोटरों की संख्या करीब 70769 हो गयी है। बताया जाता है कि शहर के 35 वार्डों के वोटर सूची प्रारूप के अवलोकन के बाद सबसे अधिक वोटर वार्ड संख्या 22 में 3405, वार्ड संख्या 31 में 3150, वार्ड संख्या 25 में 3053, वार्ड संख्या 4 में 2952, वार्ड संख्या 9 में 2855 एवं वार्ड संख्या 26 में कुल वोटरों की संख्या 2636 है जबकि सबसे कम वोटरों की जनसंख्या वाले वार्डों में वार्ड संख्या 12 में 745, वार्ड संख्या 1 में 916, वार्ड संख्या 20 में 919 एवं वार्ड संख्या 7 में 1019 वोटर शामिल है।

नगर पर्षद क्षेत्र विस्तारित होने के बाद 26 वार्डाे से बढ़कर 35 वार्डों का हो गया। नये प्रारूप के गठन के बाद वार्डों की जनसंख्या एवं भौगोलिक स्वरूप में बदलाव आया है। शहरी वार्ड अब वार्ड संख्या 18 से शुरू होगा। विस्तार के बाद नगर पर्षद में पुराना भोजपुर, नया भोजपुर, हथेलीपुर मठिया, बनकट, महरौरा सहित 12 गांवों को शामिल किया गया है। नगर पर्षद का दायरा बढ़ने के बाद पहली बार 12 गांवों के वोटर शहर की सरकार को चुनने में अपनी हिस्सेदारी निभायेंगे। सूबे की सरकार ने चेयरमैन और उप चेयरमैन का चुनाव जनता के हाथों में सौंपा है। इस बार नगर पर्षद क्षेत्र के वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनावी घोषणा के बाद भावी उम्मीदवारों की चहलकदमी बढ़ गयी है। इस बार पार्षदों से अधिक चेयरमैन व उप चेयरमैन पद के लिए उम्मीदवार बताये जाते है।

कहते है एसडीओ

एसडीओ कुमार पंकज ने कहा कि नगर परिषद चुनाव को लेकर जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिया गया है। प्रत्याशियों को इसकी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न करना हमारी प्राथमिकता है।