लापरवाही की सड़क पर मौत का गड्ढा, टोटो हादसे में बुजुर्ग महिला गंभीर

चौसा-बक्सर मार्ग पर प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ी, जब सड़क किनारे बने खतरनाक गड्ढे ने एक बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यादव मोड़ के पास बुधवार को हुआ यह हादसा स्थानीय व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया।

लापरवाही की सड़क पर मौत का गड्ढा, टोटो हादसे में बुजुर्ग महिला गंभीर

 केटी न्यूज/चौसा

चौसा-बक्सर मार्ग पर प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ी, जब सड़क किनारे बने खतरनाक गड्ढे ने एक बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यादव मोड़ के पास बुधवार को हुआ यह हादसा स्थानीय व्यवस्था की पोल खोलता नजर आया।जानकारी के अनुसार, एक टोटो वाहन जैसे ही यादव मोड़ के पास पहुंचा, चालक सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे को भांप नहीं सका। सामने से आ रहे वाहन से बचने की कोशिश में टोटो अनियंत्रित होकर सीधे गड्ढे में पलट गया। हादसा इतना अचानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।टोटो में सवार 62 वर्षीय रुनिया देवी, जो अपने पति कालीचरण राम के साथ इलाज कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रही थीं, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टोटो को सीधा किया और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल चौसा सीएचसी पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए महिला को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे बने ऐसे जानलेवा गड्ढों की अनदेखी लगातार हो रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी की जान जोखिम में न पड़े।