पटना प्रमंडल स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 6 फरवरी को, बक्सर के खिलाड़ी लेंगे भाग
वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के तहत खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा पटना प्रमंडल स्तरीय (अंतर-जिला) दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।
केटी न्यूज/बक्सर
वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 के तहत खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा पटना प्रमंडल स्तरीय (अंतर-जिला) दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।यह प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता 06 फरवरी (शुक्रवार) को पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग, पटना में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में पटना प्रमंडल के विभिन्न जिलों से चयनित दिव्यांग खिलाड़ी भाग लेंगे।

आयोजन को लेकर खेल विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, दृष्टिबाधित क्रिकेट एवं दृष्टिबाधित फुटबॉल जैसी खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है। वार्षिक खेल कार्यक्रम 2025-26 में निर्धारित अहर्ता एवं मापदण्डों के अनुसार एथलेटिक्स स्पर्धा में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जिनकी आयु एक दिसंबर 2025 को 30 वर्ष तक होगी। वहीं दृष्टिबाधित क्रिकेट एवं दृष्टिबाधित फुटबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

बक्सर जिले से प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक दिव्यांग खिलाड़ी पांच फरवरी तक उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा कार्यालय, एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के समय खिलाड़ियों को आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने अधिक से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

