आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चक्की में योजनाओं की समीक्षा
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को चक्की प्रखंड में नीति आयोग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा की गई। इस क्रम में डीआईपीटी, भारत सरकार की निदेशक ममता कुमारी ने क्षेत्र के कई संस्थानों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
__ नीति आयोग की योजनाओं का जमीनी निरीक्षण, स्कूलों में उपस्थिति बढ़ाने के दिए निर्देश
केटी न्यूज/चक्की:
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को चक्की प्रखंड में नीति आयोग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्तर पर समीक्षा की गई। इस क्रम में डीआईपीटी, भारत सरकार की निदेशक ममता कुमारी ने क्षेत्र के कई संस्थानों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।करीब 12 बजे वह महर्षि श्याम सुंदर दास उच्च विद्यालय, चक्की पहुंचीं, जहां विद्यालय परिवार द्वारा अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, स्मार्ट क्लास और लाइब्रेरी की व्यवस्था को परखा तथा बच्चों से सीधे संवाद किया।

छात्रों ने बताया कि विद्यालय में नियमित पढ़ाई होती है, लाइब्रेरी से किताबें मिलती हैं और स्मार्ट क्लास भी संचालित है।इस दौरान निदेशक ने प्रधानाचार्य मनोज सिन्हा से नौवीं कक्षा में अब तक नामांकन नहीं होने पर सवाल किया। प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि बिहार बोर्ड से 25 विद्यार्थियों की सूची प्राप्त हुई है, जिनका शीघ्र नामांकन किया जाएगा। इसके बाद बची सीटों पर स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कला एवं विज्ञान संकाय में 120-120 सीटें उपलब्ध हैं।निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति पर निदेशक ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।

अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए तथा इसके लिए एक रजिस्टर संधारित कर अभिभावकों के हस्ताक्षर भी लिए जाएं। निरीक्षण के समय विद्यालय में मात्र 40 से 50 प्रतिशत छात्र ही उपस्थित पाए गए।इसके उपरांत निदेशक ने लाना मिडिल स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। अंत में प्रखंड मुख्यालय में आकांक्षी प्रखंड से जुड़े कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं प्रखंड के संतृप्ति स्तर पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर डीपीओ लाल बाबू पासवान, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

