परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं को काल बनकर दौड़ी पिकअप, एक की मौत, दो गंभीर

बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग शुक्रवार को उस वक्त मातम में बदल गया, जब तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हुकहां गांव के समीप ओवरटेक करने की कोशिश में एक बेलगाम पिकअप वाहन ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरा ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार गूंजने लगी। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया।

परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं को काल बनकर दौड़ी पिकअप, एक की मौत, दो गंभीर

__ ओवरटेक की सनक ने छीनी अंतिमा की जिंदगी, ऑटो पलटने से मचा चीख-पुकार

केटी न्यूज/चौसा

बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग शुक्रवार को उस वक्त मातम में बदल गया, जब तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हुकहां गांव के समीप ओवरटेक करने की कोशिश में एक बेलगाम पिकअप वाहन ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरा ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार गूंजने लगी। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया।दुर्घटना में ऑटो पर सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को ऑटो और निजी वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया।

लेकिन इलाज के दौरान दिनारा थाना क्षेत्र के सईसड़ गांव निवासी बजरंगी पाठक की 21 वर्षीय पुत्री अंतिमा कुमारी जिंदगी की जंग हार गई। वहीं उसकी सहेली जया कुमारी और 10 वर्षीय मुकेश चौहान की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।बताया जाता है कि ऑटो में कुल दस लोग सवार थे, जो बक्सर से सईसड़ गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही पिकअप ने ओवरटेक करने के दौरान ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ऑटो सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि, ऑटो में सवार दो बच्चों ने कूदकर अपनी जान बचा ली।

हादसे में घायल अन्य लोगों में मीना देवी (55), कन्हैया पाठक (60), गुड्डू राम (36), सोनम कुमारी (14) और शिवानी कुमारी (10) शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की इटाढ़ी गुमटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।इस हादसे ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया, क्योंकि मृतका अंतिमा कुमारी और उसकी सहेली जया कुमारी महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में चल रही स्नातक की आंतरिक परीक्षा देकर लौट रही थीं।

परिवार वालों को उम्मीद थी कि बेटियां पढ़-लिखकर घर का नाम रोशन करेंगी, लेकिन रास्ते में हुई इस दुर्घटना ने सारी खुशियां छीन लीं। परीक्षा देकर घर लौट रही अंतिमा की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि सड़क पर दौड़ती मौत पर लगाम लगाई जा सके।