तेज आंधी बनी हादसे की वजह, थर्मल प्लांट में बालू लदा ट्रेलर पलटा; चालक केबिन में फंसा, बाल-बाल बची जान

बक्सर थर्मल पावर प्लांट परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक आई तेज हवा एक बड़े हादसे का कारण बन गई। निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर पहुंचे एक ट्रेलर के पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

तेज आंधी बनी हादसे की वजह, थर्मल प्लांट में बालू लदा ट्रेलर पलटा; चालक केबिन में फंसा, बाल-बाल बची जान

केटी न्यूज/चौसा

बक्सर थर्मल पावर प्लांट परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक आई तेज हवा एक बड़े हादसे का कारण बन गई। निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर पहुंचे एक ट्रेलर के पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि प्लांट कर्मियों की तत्परता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।जानकारी के अनुसार, प्लांट के स्टोर क्षेत्र में निर्माण कार्य के लिए बालू लदा ट्रेलर पहुंचा था। वहां बालू उतारने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज हवा के झोंके ने वाहन का संतुलन बिगाड़ दिया। देखते ही देखते भारी भरकम ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के समय चालक ट्रेलर के केबिन में बैठा हुआ था। वाहन के पलटते ही वह अंदर फंस गया और बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद प्लांट कर्मी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला गया।घायल चालक की पहचान झारखंड के पलामू जिले निवासी 33 वर्षीय मंटू ठाकुर के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. मणिपाल ने बताया कि चालक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

उसके सिर और चेहरे पर चोट आई है, लेकिन समय पर इलाज मिलने से स्थिति नियंत्रण में है।घटना के बाद प्लांट परिसर में कुछ देर तक कामकाज प्रभावित रहा और लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेज हवा के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान आसपास कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर तेज मौसम के दौरान भारी वाहनों के संचालन में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर किया है।