प्रेम प्रसंग में युवक की संदिग्ध मौत से उबाल, हत्या के आरोप में पांच नामजद
इटाढ़ी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक उपेन्द्र चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को मामला तूल पकड़ गया। धान के खेत से युवक का शव बरामद होने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया।


__ धान के खेत में मिला था 19 वर्षीय उपेन्द्र का शव, आक्रोशित परिजनों ने बक्सर-इटाढ़ी मार्ग किया जाम; पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए शुरू की छापेमारी
केटी न्यूज/बक्सर :
इटाढ़ी थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक उपेन्द्र चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सोमवार को मामला तूल पकड़ गया। धान के खेत से युवक का शव बरामद होने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग को जाम कर जमकर हंगामा किया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने का आरोप लगाते हुए गांव के ही पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मृतक की मां फूलकुमारी देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उनके पुत्र का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर लड़की के परिजनों पर हत्या की आशंका जताई गई है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है।

हालांकि, युवक की मौत हत्या है या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।बताया जाता है कि इटाढ़ी निवासी स्वर्गीय पारस चौधरी का पुत्र उपेन्द्र चौधरी शनिवार की शाम घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। परिजन थाने में गुमशुदगी की सूचना देने की तैयारी कर ही रहे थे कि रविवार को गांव के समीप धान के खेत में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली।शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान उपेन्द्र के रूप में की। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

__कार्रवाई के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण युवक की मौत से आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। बक्सर-इटाढ़ी मार्ग जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। सूचना मिलते ही इटाढ़ी के अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मृतक की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

