छठ से पहले चौसा में घाटों की बदलेगी सूरत, घर-घर कचरा उठाव पर भी बड़ा फैसला

छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत चौसा में तैयारियों की कवायद तेज हो गई है। श्रद्धालुओं को घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, घर-घर से कचरा उठाव के लिए निविदा प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है।

छठ से पहले चौसा में घाटों की बदलेगी सूरत, घर-घर कचरा उठाव पर भी बड़ा फैसला

__ सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सफाई, रोशनी और सुरक्षा इंतजामों पर बनी सहमति; यादव मोड़ पर शहीद सुनील सिंह यादव के नाम से बनेगा गेट

केटी न्यूज/चौसा। 

छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत चौसा में तैयारियों की कवायद तेज हो गई है। श्रद्धालुओं को घाटों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, घर-घर से कचरा उठाव के लिए निविदा प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद किरण देवी की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा के साथ नगर के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। घाटों की साफ-सफाई से लेकर पर्याप्त रोशनी और चेंजिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत पर चर्चा हुई। बैरिकेडिंग के जरिए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

__ घर-घर कचरा उठाव के लिए निकलेगा टेंडर

नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डोर-टू-डोर कचरा उठाव की निविदा प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि निविदा प्रक्रिया के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में महत्वपूर्ण योजनाओं को विभागीय स्तर पर क्रियान्वित कराने और यादव मोड़ के विकास को लेकर भी चर्चा हुई।

__ शहीद सुनील सिंह यादव के नाम पर बनेगा गेट

बैठक में मुख्य पार्षद किरण देवी ने बताया कि आगामी 28 अक्टूबर को बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ऑपरेशन सिंदूर में वीरगति प्राप्त हवलदार सुनील सिंह यादव के नाम पर बनने वाले शहीद गेट का शिलान्यास करेंगे। इस गेट का निर्माण नगर पंचायत चौसा की ओर से कराया जाएगा। इसे क्षेत्र के वीर सपूत के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।बैठक में उपमुख्य पार्षद सरिता देवी, समिति सदस्य हृदय नारायण सिंह एवं छोटेलाल चौधरी, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नकवी तथा प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश मौजूद रहे।