सितंबर में बनकर तैयार हो जाएगा चौसा आरओबी का पहुंच पथ - पुल परियोजना पदाधिकारी
वर्षों से प्रतीक्षित चौसा रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का अधूरा पहुंच पथ अब जल्द ही पूर्णता की ओर अग्रसर है। राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे इस ओवरब्रिज के संपर्क पथ को लेकर जहां अब तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, वहीं अब पुल परियोजना पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सितंबर 2025 तक इसका निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

केटी न्यूज/बक्सर

पुल परियोजना पदाधिकारी ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों एवं ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रियागत अड़चनों के कारण कार्य में अपेक्षित गति नहीं आ सकी थी। हालांकि अब भी अधिग्रहण सम्बन्धी कुछ कार्य जिला भूअर्जन में है। अन्य बाधाएं दूर कर ली गई हैं और कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी सितंबर तक संपर्क पथ पूरी तरह तैयार हो जाएगा, जिससे ओवरब्रिज को आम जनता के लिए पूरी तरह से खोला जा सकेगा।
गौरतलब हो कि चौसा रेलवे स्टेशन के समीप बनाए जा रहे इस ओवरब्रिज का मुख्य ढांचा पूर्व ही तैयार कर लिया गया था। लेकिन उसके दोनों ओर का संपर्क मार्ग अधूरा रहने से इसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा था। इस कारण क्षेत्रवासियों एवं यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। रेल फाटक पर जाम व बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव के कारण मार्ग से गुजरना बेहद कठिन हो जाता है।
स्थानीय लोगों ने कई बार अधूरी परियोजना के खिलाफ नाराजगी जताई थी। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से मांग की थी कि कार्य में तेजी लाई जाए। अब पुल विभाग की ओर से दी गई निश्चित समय-सीमा ने लोगों को एक बार फिर उम्मीद दी है।
पुल निर्माण विभाग परियोजना पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही संपर्क पथ तैयार किया जा रहा है। यदि मौसम व भूअर्जन के मामले ने साथ दिया तो तय समय से पहले ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।