आम जनता को त्वरित व पारदर्शी न्याय दिलाने के लिए आयोजित किया जा रहा है जनता दरबार - एसपी

कृष्णाब्रह्म थाने में शनिवार को एसपी शुभम आर्य ने जनता दरबार का आयोजन कर लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान सामूहिक मुद्दो सहित निजी मामलों की झड़ी लगी रही। जनता दरबार में सबसे अधिक जमीन विवाद संबंधित मामले सामने आए। वहीं, कृष्णाब्रह्म के भरे बाजार में दिन दहाड़े एक महिला को हिप्नोटाइज कर हुई लूट की घटना में दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने तथा लूटेरों की शिनाख्त नहीं होने पर एसपी ने तत्काल केस के अनुसंधानकर्ता सत्यकिशोर से शो-कॉज पूछने तथा उसके अनुसंधान वाले कांडो की गहन जांच का निर्देश डुमरांव एसडीपीओ को दे पुलिस पदाधिकारियों को यह संदेश दे दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आम जनता को त्वरित व पारदर्शी न्याय दिलाने के लिए आयोजित किया जा रहा है जनता दरबार - एसपी

-- जनता दरबार में बोला पीड़ित दिनदाहड़े मां को हिप्नोटाइज कर हुई थी लूट, आईओ से शो-कॉज का निर्देश

-- कृष्णाब्रह्म थाने में एसपी ने जनता दरबार आयोजित कर सुनी लोगों की फरियाद, जनता दरबार में छाया रहा जमीन विवाद का मुद्दा

केटी न्यूज/डुमरांव 

कृष्णाब्रह्म थाने में शनिवार को एसपी शुभम आर्य ने जनता दरबार का आयोजन कर लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान सामूहिक मुद्दो सहित निजी मामलों की झड़ी लगी रही। जनता दरबार में सबसे अधिक जमीन विवाद संबंधित मामले सामने आए। वहीं, कृष्णाब्रह्म के भरे बाजार में दिन दहाड़े एक महिला को हिप्नोटाइज कर हुई लूट की घटना में दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं होने तथा लूटेरों की शिनाख्त नहीं होने पर एसपी ने तत्काल केस के अनुसंधानकर्ता सत्यकिशोर से शो-कॉज पूछने तथा उसके अनुसंधान वाले कांडो की गहन जांच का निर्देश डुमरांव एसडीपीओ को दे पुलिस पदाधिकारियों को यह संदेश दे दिया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

जनता दरबार की शुरूआत सामाजिक मुद्दों से हुई, जिसकी शुरूआत नुआंव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विनय यादव ने की। उन्होंने एसपी को आवेदन दे बताया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के एक कॉलम में चौकीदार के हस्ताक्षर की जगह दी गई है, लेकिन नुआंव पंचायत के चौकीदार धर्मपाल के द्वारा हस्ताक्षर नहीं किया जाता है, जिस कारण कई आवेदन लंबे समय से लंबित पड़े है, जिस कारण लोगों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है तथा बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र व आधार कार्ड नहीं बन पा रहा है। इस पर एसपी ने उक्त चौकीदार पर कार्रवाई करने तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से वैकल्पिक व्यवस्था की राय लेने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। 

बता दें कि पूर्व में नुआंव का ही एक युवक जिसकी बिहार पुलिस में नौकरी लगी थी, उसने तत्कालीन डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी से शिकायत की थी कि चौकीदार धर्मपाल उनके आचरण प्रमाण-पत्र पर ग्रामीण विवाद के चलते साइन नहीं कर रहा है, जिस कारण उसका आचरण प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है। जिसके बाद तत्कालीन एसडीपीओ ने उसे फटकार लगाते हुए उस समय के थानाध्यक्ष नीतीश कुमार को तत्काल उक्त युवक का आचरण प्रमाण-पत्र बनाकर देने का निर्देश दिया था। वहीं, बड़का ढकाईच निवासी पंकज दूबे ने चौकियां गांव में स्थित सरकारी तालाब के अतिक्रमण का मुद्दा उठाया और बताया कि इस सार्वजनिक तालाब की जमीन का अतिक्रमण कर कुछ लोग उसमें मिट्टी भर उसका अस्तित्व मिटाने पर तुले है।

इसकी शिकायत तीन वर्ष पूर्व सिमरी सीओ से किया गया था, लेकिन अबतक अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिस कारण गांव के नाली के पानी का बहाव अवरूद्ध है तथा नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। इस पर एसपी ने कहा कि इस संबंध में सिमरी सीओ को पत्र भेज चौकियां के सार्वजनिक तालाब की जमीन को शीघ्र अतिक्रमणमुक्त कराने को कहा जाएगा। वहीं, चौकियां में नल जल योजना के बंद होने का मुद्दा भी उठा, जिस पर एसपी ने संबंधित विभाग से नल जल योजना को चालू करवा ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने का आश्वासन दिया। 

-- कठार के ग्रामीणों ने की 200 केवीए का ट्रांसफर्मार लगाने की मांग

कृष्णाब्रह्म थाने मे आयोजित जनता दरबार में कई ऐसे मुद्दे भी उठे, जो पुलिस के बजाए प्रशासनिक मामला था, लेकिन एसपी ने किसी को निराश नहीं किया। इसी कड़ी में कठार के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से एसपी को बताया कि उनके गांव में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे उन्हें समुचित आपूर्ति नहीं मिल पाती है। कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से इस जगह पर 200 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की गई, लेकिन बिजली विभाग उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रहा है, जिस कारण ग्रामीणों को खेती समेत अन्य कार्यों में बाधा पहुंच रही है। एसपी ने इस मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर ग्रामीणों को राहत दिलाने का आश्वासन दिया। इसके अलावे भी कई ऐसे मामले आए, जिसमें पुलिस की लापरवाही तथा लंबे समय से पीड़ितों को न्याय नहीं मिलने जैसी शिकायत थी।

-- दो माह पूर्व महिला को हिप्नोटाइज कर लूट मामले में आईओ पर गिरी गाज

एसपी के जनता दरबार में दो माह पूर्व कृष्णाब्रह्म के भरे बाजार में कठार निवासी एक महिला को दिनदहाड़े हिप्नोटाइज कर आभूषण व नगदी लूट मामले में उसके पुत्र ने एसपी ने गुहार लगाई और बताया कि दो माह में भी पुलिस इस घटना में शामिल अपराधियों को चिन्हित नहीं कर सकी है। हालांकि, इस दौरान इस केस के आईओ सत्यकिशोर ने सफाई देने का प्रयास किया, लेकिन एसपी ने उसकी एक न सुनी तथा तत्काल डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार को उक्त आईओ से शो-कॉज करने तथा उसके कांडो की गहराई से जांच का निर्देश दिया। 

-- ए साहेब झोंटा लसार के मरले बाड़स, तीन दिन बाद पहंुचल पुलिस

जनता दरबार में सोवां गांव से आई महिला फाल्गुनिया देवी ने एसपी से भोजपुरी में कहा कि ऐ साहेब जमीन विवाद में देयाद ( पट्टीदार) झोंटा लसार ( बाल खींचकर) मरलेबाड़स, पुलिस के फोन कइला के तीन दिन बाद पहुंचल, अभी तक एफआईआर नईखे भईल...।एसपी ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए तत्कालीन प्रभारी थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई तथा कहा कि सोए थे क्या, मजाक बनाकर रखे है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेवारी है। उन्होंने आइंदा ऐसी लापरवाही नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।

-- नारायणजी दूबे हत्याकांड के उद्भेदन की हुई मांग

पिछले महीने बड़का ढकाईच निवासी नारायणजी दूबे हत्याकांड का अबतक उद्भेदन नहीं होने का मुद्दा भी एसपी के जनता दरबार में उठा। मृतक के दादा राजनाराण दूबे ने एसपी से इस मामले की गुहार लगाई और कहा कि नारायण उनके दिवंगत पुत्र व पुत्रवधु का इकलौता निशानी था। एसपी ने थानाध्यक्ष से इस मामले के उद्भेदन में तेजी लाने का निर्देश दिया और कहा कि जल्दी इस कांड का उद्घाटन होना चाहिए।जनता दरबार में डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार समेत कृष्णाब्रह्म थाने के पुलिस पदाधिकारी व फरियादियों के  अलावे क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि व गणमान्य मौजूद थे।