पर्यटन मंत्री ने बक्सर में निर्माणाधीन योजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश

बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के मंत्री ने रविवार को बक्सर जिला में पर्यटन विभाग द्वारा कार्यान्वित महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बक्सर गोलंबर स्थित विश्वामित्र बिहार बजट होटल के निर्माण कार्य एवं ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के फेज-2 विकास कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की।

पर्यटन मंत्री ने बक्सर में निर्माणाधीन योजनाओं का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य के दिए निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार सरकार के पर्यटन विभाग के मंत्री ने रविवार को बक्सर जिला में पर्यटन विभाग द्वारा कार्यान्वित महत्वपूर्ण योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बक्सर गोलंबर स्थित विश्वामित्र बिहार बजट होटल के निर्माण कार्य एवं ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के फेज-2 विकास कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में मंत्री ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता तथा समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की। मंत्री ने कार्यपालक अभियंता, पर्यटन विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप हों तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन से जुड़े प्रोजेक्ट न केवल क्षेत्र की पहचान बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बक्सर गोलंबर स्थित विश्वामित्र बिहार बजट होटल को लेकर मंत्री ने कहा कि यह होटल श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुविधाजनक ठहराव स्थल साबित होगा, जिससे जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ मंदिर के फेज-2 विकास कार्य को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने इसके शीघ्र पूर्ण होने पर जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत मंत्री ने जिलाधिकारी बक्सर के साथ जिले के विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के समग्र पर्यटन विकास को लेकर विमर्श किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बक्सर के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार कर विभाग को समर्पित किया जाए।मंत्री ने कहा कि बक्सर का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यदि योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो यह जिला पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान बना सकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।