
-- एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस, सोमवार की देर शाम कोषागार पदाधिकारी के घर में घुस हथौड़े से किया गया था हमला
केटी न्यूज/बक्सर
जिला कोषागार पदाधिकारी सुकर पासवान पर हुए जानलेवा हमले में एफआईआर दर्ज हो गया है। पीड़ित कोषागार पदाधिकारी ने इस मामले में अपने ही अधीनस्थ राजवंश सिंह समेत पांच अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कराया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

बता दें कि सोमवार की शाम कोषागार पदाधिकारी सुकर पासवान के मुसाफिर गंज स्थित किराए के मकान में घुस पांच की संख्या में अपराधियों ने उनपर हथौड़े से हमला कर दिया था। इस हमले में उनके नाक, हाथ तथा पैर में चोटे आई थी। घटना के बाद से पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई है। वहीं, लोगों में भी आक्रोश गहरा गया था। लोगों का कहना था कि जब शहर में प्रशासनिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है

तो सामान्य लोगों की सुरक्षा की क्या गारंटी है। बहरहाल इस मामले में कोषागार पदाधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ पर एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद अब इस बात की चर्चा होने लगी है कि जिला कोषागार कार्यालय में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोषागार पदाधिकारी के बयान पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, समाहरणालय परिसर में मंगलवार को पूरे दिन इस घटना की चर्चा होते रही।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।