राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता, घबराने की जरूरत नहीं : विभाग
राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिहार में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों के यहां भीड़ न लगाएं।
केटी न्यूज/पटना
राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिहार में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। विभाग ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों के यहां भीड़ न लगाएं।विभाग की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वर्तमान समय में घरेलू ईंधन संकट की स्थिति को देखते हुए पेट्रोलियम एजेंसियों से समन्वय कर यह सुनिश्चित किया गया है कि राज्य में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारु रूप से बनी रहे।

एजेंसियों ने भी यह स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध है और आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है।प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपभोक्ताओं की सुविधा तथा गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा एक व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग (नंबर लगाने) की अनुमति होगी। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके और वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि उपभोक्ताओं द्वारा बुकिंग दर्ज कराने के बाद दो से तीन दिनों के भीतर घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इससे लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेगा और किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार घरेलू गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि राज्य के सभी उपभोक्ताओं को समय पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध हो और कहीं भी आपूर्ति में बाधा उत्पन्न न हो।

विभाग ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें तथा गैस वितरकों के यहां अनावश्यक भीड़ न लगाएं। विभाग का कहना है कि घरेलू गैस वितरण प्रणाली को और अधिक सुचारु एवं पारदर्शी बनाने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके।
